Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

प्रदेश में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में बाल वाटिकाओं को मिलेगा चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर

जयपुर, । प्रदेश में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों (एमजीजीएस) के तहत प्री-प्राइमरी कक्षा के बच्चों के लिए संचालित बाल वाटिकाओं में आगामी दिनों में चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर उपलब्ध कराते हुए कई नई सुविधाओं का सृजन किया जाएगा। शासन सचिव नवीन जैन की अध्यक्षता में सोमवार को  सचिवालय में आयोजित बैठक में एमजीजीएस में बाल वाटिकाओं के कंसेप्ट पर विस्तृत चर्चा के दौरान इसके बारे में दिशा निर्देश जारी किए गए।
प्रदेश में वर्तमान में एक हजार से अधिक एमजीजीएस में प्री-प्राइमरी कक्षाएं चलाई जा रही है। शासन सचिव जैन ने बैठक में बाल वाटिकाओं में नामांकन की स्थिति, टीचर्स के विशेष कैडर के गठन, प्रशिक्षित एनटीटी टीचर्स के पदस्थापन और सेवा आधारित कार्यों के तहत सफाई कर्मी, सहायक कर्मचारी, गार्ड एवं केयर टेकर जैसे कर्मियों को लगाने की प्रगति की जानकारी लेते हुए बाल वाटिकाओं के सुव्यवस्थित प्रबंधन के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि सभी बाल वाटिकाओं में प्री-प्राइमरी क्लासेज के बच्चों 6-6 राउंड टेबल, 48 चेयर और झूले उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं छोटे बच्चों के लिए विशेष टॉयलेट भी बनाए जाएंगे। बैठक में बाल वाटिकाओं में पाठय पुस्तकों के वितरण तथा अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण के बारे में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 29 सितम्बर को राज्य स्तर से एमजीजीएस स्कूलों के प्रिसिपल और बाल वाटिकाओं के प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की वीसी आयोजित की जाएगी। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की विशिष्ट सचिव चित्रा गुप्ता, शिक्षा निदेशक कानाराम, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की आयुक्त एवं राज्य परियोजना निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला, संयुक्त शासन सचिव किशोर कुमार एवं प्रवीण लेखरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.