Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया तीन ईआरओ का सम्मान

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित

जयपुर, (27 नवंबर 2025)। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने गुरुवार को जिले के तीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों को सम्मानित किया। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शाहपुरा निर्वाचक पदाधिकारी संजीव कुमार खेदर, दूदू निवार्चक पदाधिकारी रमेश कुमार एवं बस्सी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी डॉ. गरिमा सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने बीएलओ से कहा कि उनकी यह प्रतिबद्धता पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने अनुभव, ऊर्जा और कार्यकुशलता से अन्य साथियों को प्रेरित कर उन्हें भी लक्ष्य प्राप्ति में मार्गदर्शन दें, ताकि पूरे जिले में पुनरीक्षण अभियान की गति और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली रूप में आगे बढ़ सके।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने बताया कि 36 लाख 75 हजार 806 यानी 76.03 फीसदी से अधिक परिगणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी निरंतर कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बस्सी विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 18 हजार 372, शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 20 हजार 301, चौमूं विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 31 हजार 369, चाकसू विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 10 हजार 421, दूदू विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 31 हजार 63, फुलेरा विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 26 हजार 32, आमेर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 57 हजार 487, जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 7 हजार 735, हवामहल विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 89 हजार 914 परिगणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है।

साथ ही उन्होंने बताया कि किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 35 हजार 908, आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 82 हजार 25, झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 21 हजार 135, बगरू विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 50 हजार 343, सिविल लाइन्स विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 71 हजार 848, मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 44 हजार 732, सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 42 हजार 101 एवं विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 26 हजार 263 परिगणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में अब साधारण जानकारी के आधार पर नाम खोजने का विकल्प मुहैया करवाया गया है, जिससे मतदाताओं को अपना नाम खोजने और परिगणना प्रपत्र भरने में और अधिक सहजता मिलेगी। निर्वाचन विभाग द्वारा साथ ही मतदाताओं को सुविधा प्रदान करने हेतु ऑनलाइन विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। मतदाता स्वयं अपना परिगणना प्रपत्र https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर अथवा प्रदान किए गए QR Code को स्कैन कर ऑनलाइन भर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील है कि वे अपने तथा अपने परिवारजनों के परिगणना प्रपत्र अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन भरकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। जिले में परिगणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण की प्रगति के अनुसार विधानसभा क्षेत्र बस्सी सर्वाधिक 91.83 फीसदी प्रपत्रों के डिजिटलीकरण के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.