Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

ग्राम उत्थान शिविर- ग्रामीण राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल, एक ही छत के नीचे 13 विभागों की योजनाओं का लाभ, लाखों ग्रामीणों को सीधा फायदा

जयपुर, (6 फरवरी 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा ग्रामीणों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की सुगम पहुंच के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीण विकास की दिशा में एक अभिनव और प्रभावशाली पहल बनकर उभरे हैं। 23 जनवरी (बसंत पंचमी) से प्रदेश के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर आयोजित हो रहे इन शिविरों से प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी कम हुई है तथा आत्मनिर्भर एवं सशक्त ग्रामीण राजस्थान की संकल्पना को मजबूती मिली है।

अब तक 18 लाख से अधिक ग्रामीणों ने लिया लाभ-

प्रदेशभर में अब तक 1 हजार 843 ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें 18 लाख 44 हजार से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया। इनमें 12.14 लाख पुरुष एवं 5.54 लाख से अधिक महिलाएं एवं 20 हजार से अधिक जनप्रतिधि शामिल हैं। प्रत्येक शिविर में 13 विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

किसान और पशुपालकों के लिए बड़ी सौगात-

3 हज़ार 829 ग्राम पंचायतों में पॉलीहाउस के लिए आवेदन तैयार किए गए हैं। शिविरों के माध्यम से किसानों को अब तक 1 लाख 34 हजार से अधिक सॉइल हेल्थ कार्ड तथा 65 हजार से अधिक स्वामित्व कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।

पशुपालकों के लिए मंगला पशु बीमा योजना के तहत 1.16 लाख से अधिक पंजीकरण, 6.64 लाख पशुओं का प्राथमिक उपचार तथा 1 लाख से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया गया है।

इसके साथ ही, यात्री सुविधाओं से वंचित ग्राम पंचायतों में 3 हज़ार 195 किसान विश्राम स्थलों के निर्माण प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं।

सरकारी योजनाओं के प्रति बढ़ी जागरूकता-

ग्राम उत्थान शिविरों में सहकारिता, कृषि विपणन, उद्यानिकी, डेयरी, ग्रामीण विकास, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा और राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कृषक साथी सहायता योजना के अंतर्गत 3,273 आवेदनों का निस्तारण किया गया है। पीएम सूर्य घर योजना में 36,174 पंजीकरण, फार्मर रजिस्ट्री में 19,291 पंजीकरण के साथ ही स्वयं सहायता समूह ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, कस्टम हायरिंग सेंटर, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर योजनाओं सहित अनेक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

9 फरवरी तक जारी रहेंगे शिविर-

ग्राम उत्थान शिविरों का दूसरा चरण 9 फरवरी तक प्रदेशभर में आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर लगाए जा रहे हैं, जहां आमजन मौके पर ही आवेदन, पंजीकरण और समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.