Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (20 अप्रैल 2026)। रीको औद्योगिक क्षेत्रों की तस्वीर बदलने जा रही है। जहां पहले उद्यमी और कामगार दिन-रात मशीनों के बीच व्यस्त नजर आते थे, वहीं अब वे समय निकालकर औद्योगिक क्षेत्रों में बनने जा रहे स्पोर्ट्स फैसेलिटी सेंटर्स में खेल खेलते और फिटनेस पर ध्यान देते भी दिखाई देंगे। उद्यमियों और कामगारों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल विकसित करने एवं कार्य क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से रीको ने एक सराहनीय पहल की है। इस पहल के तहत अब सेचुरेटेड औद्योगिक क्षेत्रों (जहां अधिकांश भूखंड आवंटित हो चुके हैं) में खेल सुविधाओं के विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
रीको ने राज्य के 17 औद्योगिक क्षेत्रों में इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली है। जयपुर में औद्योगिक क्षेत्र बगरू छितरौली, अपैरल पार्क, सीतापुरा तृतीय चरण, भिवाड़ी द्वितीय में औद्योगिक क्षेत्र कारौली, कोटा में इंद्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र, सवाई माधोपुर में खेरदा, आबूरोड में अर्बुदा, नागौर में एसजीसी परबतसर, पाली में पाली चतुर्थ चरण, किशनगढ़ में किशनगढ़ चतुर्थ चरण, झुंझनूं में झुंझनूं द्वितीय चरण, बीकानेर में कारनी एवं बीछवाल, बोरानाडा में ईपीआईपी बोरानाडा, श्रीगंगानगर में 13 एनएनपी, सीकर में एसकेएस रींगस (विस्तार) और अजमेर में अजयमेरू पालड़ा सम्मिलित हैं।
इन क्षेत्रों में लगभग 1000 से 3000 वर्गमीटर तक के भूखण्ड खेल सुविधाओं के लिए चिन्हित किए गए हैं। इनका आवंटन रेंटल मॉडल के आधार पर किया जाएगा। साथ ही, यहां भूखण्ड के 20 प्रतिशत क्षेत्र (10 प्रतिशत आच्छादित क्षेत्र) में रिफ्रेशमेंट, पेयजल और विश्राम कक्ष जैसी आवश्यक सुविधाएं भी विकसित करने की अनुमति होगी।
रीको की इस नई पहल से औद्योगिक क्षेत्रों में न सिर्फ काम का माहौल बेहतर होगा, बल्कि उद्यमियों और कामगारों को स्वस्थ और ऊर्जावान जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरणा मिलेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में ही खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने से युवाओं का रूझान भी उद्योग लगाने में बढ़ेगा और रोजगार के नवीन अवसर भी सृजित होंगे।