Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम
लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी
जयपुर, (15 नवम्बर 2025)। ‘जनजाति गौरव वर्ष’ के अन्तर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को दौसा जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना केन्द्र के सामने जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि जब अंग्रेजी शासक जल, जंगल और जमीन को कब्जाने की कोशिश कर रहे थे, तब एक जनजातीय युवक ने आंदोलन खड़ा किया और भगवान बिरसा मुंडा कहलाए। उनकी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजाति गौरव दिवस की घोषणा की और जनजातीय वर्ष मनाया। इसका उद्देश्य जनजाति समुदाय की संस्कृति, परम्परा, साहस, पहचान और प्रगति को लेकर जनजागृति अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने जनजाति समुदाय के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई है, जिनका दौसा जिले के लोगों को भी फायदा मिल रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जनजाति विकास विभाग मंत्री बाबुलाल खराड़ी का लाइव प्रेरणादायी उद्बोधन सुना। कार्यक्रम में लोक गायक रामू मास्टर एवं डीके सत्तावन की टीमों ने जनजाति लोक गायन की प्रस्तुतियां दी।
इस अवसर पर अतिथियों ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन, फार्म पौंड योजना, गौपालन क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्राी आवास योजना, मुख्यमंत्राी कन्यादान योजना, प्रधानमंत्राी मातृत्व वंदे योजना एवं सूक्ष्म सिंचाई योजना के लाभार्थियों तथा कृषि संकाय में अध्ययनरत छात्राओं को चैक प्रदान कर लाभान्वित किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन किया—
जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार तथा अन्य अतिथियों के साथ सूचना केन्द्र में चल रही दो दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व के साथ केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से जनजाति समुदाय के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं से आमजन को रूबरू कराने के लिए सार्थक प्रयास किया गया है।
राजीविका स्टॉल का अवलोकन कर महिलाओं के हुनर को सराहा—
जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राजीविका के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाई स्थानीय उत्पादों की आदि हाट स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर उत्पादों की जानकारी ली और उनके हुनर एवं कौशल की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक बलदेव सिंह गुर्जर ने बताया कि राजीविका के दिशा क्लस्टर लेवल फेडरेशन की महिलाओं ने लेदर से निर्मित उत्पाद पर्स, मौजड़ी एवं बैग, दीपक क्लस्टर लेवल फेडरेशन कुंडल की महिलाओं ने सॉफ्ट टॉयज उत्पाद, रामगढ़ क्लस्टर की महिलाओं ने जूट बैग उत्पाद तथा लवान क्लस्टर की महिलाओं ने होम डेकोर एवं हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की स्टॉल लगाई।