Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी – खुलेंगे नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र, स्वास्थ्य ढांचा होगा मजबूत

जैसलमेर की 16 ग्राम पंचायतों में खुलेंगे उप स्वास्थ्य केन्द्र , विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्र होंगे क्रमोन्नत

जयपुर, (7 अक्टूबर 2023)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में कई अहम निर्णय लिए हैं। उन्होंने प्रदेश में नवीन स्वास्थ्य केन्द्रों के संचालन सहित विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों को क्रमोन्नत करने की मंजूरी दी है।

जैसलमेर की 14 ग्राम पंचायतों में खुलेंगे नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र –

जैसलमेर की पंचायत समिति सम के 12 ग्राम पंचायत मुख्यालयों तथा पंचायत समिति जैसलमेर के 2 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाएंगे। इनमें पंचायत समिति सम के बीदा, मोढ़ा, हरनाऊ, छतागढ, सगरों की बस्ती, कोहरा, छोड, दबडी, फुलिया, सलखा, हटाटर व राधवा ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा पंचायत समिति जैसलमेर के रिदवा एवं सोढाकोर ग्राम पंचायत मुख्यालय शामिल हैं।

मण्डफिया में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार –

चित्तौड़गढ़ की पंचायत समिति भदेसर के उप जिला अस्पताल , मण्डफिया में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए शैय्याओं में वृद्धि होगी। यहां शैय्याओं की संख्या 30 से बढ़ाकर 100 की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मण्डफिया को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने की स्वीकृतियां भी जारी की जा चुकी हैं।

उदयपुर एवं जोधपुर के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्र होंगे क्रमोन्नत
उदयपुर की मावली पंचायत समिति के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र घासा व इंटाली, पंचायत समिति फलासिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पानरवा को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत किया जाएगा। जोधपुर की पीपाड शहर पंचायत समिति के उप स्वास्थ्य केन्द्र बुचकला को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत किया जाएगा। साथ ही, उदयपुर की जयसमंद पंचायत समिति के उप स्वास्थ्य केन्द्र सेमाल तथा सलूम्बर पंचायत समिति के उप स्वास्थ्य केन्द्र खरका को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में क्रमोन्नत कर प्रत्येक में 9 नवीन पदों का सृजन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.