Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

उपलब्धता के आधार पर ही सुजानगढ़ एवं बीदासर के रूटों पर बसों को लगाया जा सकेगा

जयपुर, (24 जुलाई 2023)। परिवहन राज्यमंत्री बृजेन्द्र सिंह ओला ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य बजट वर्ष 2023-24 में सर्विस मॉडल पर एक हजार बसें चलाने की घोषणा की गई है। जैसे ही यह बसें उपलब्ध हो जाएंगी प्राथमिकता के आधार सुजानगढ़ एवं बीदासर तहसील क्षेत्र के उन रूटों पर भी इन बसों के संचालन का प्रयास किया जाएगा, जिनमें लॉकडाउन के दौरान रोडवेज की बंद की गई बस सेवाएं पुनः संचालित नहीं की जा सकी हैं।

परिवहन राज्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। इससे पहले विधायक मनोज कुमार के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में ओला ने कहा कि सुजानगढ एवं बीदासर तहसील में लॉकडाउन से पूर्व राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की 58 बसें संचालित थी। उन्होंने इनका मार्गवार विवरण सदन के पटल पर रखा। वहीं 68 निजी बसें ग्रामीण व अन्य मार्ग पर संचालित थीं।

ओला ने निगम द्वारा संचालित बसों में से लॉकडाउन के बाद बंद की गई तथा अभी तक पुनः संचालित नहीं की गई 9 बसों का विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि निगम के सीमित संसाधनों के कारण उक्त बन्द की गई बसों का पुनः संचालन किये जाने का फिलहाल कोई विचार नहीं है।

उन्होंने ने कहा कि लॉकडाउन के बाद उपरोक्त संचालित निजी बसों में किसी भी बस का संचालन बंद नहीं किया गया है तथा वर्तमान समय में बीदासर एवं सुजानगढ तहसील क्षेत्र में कुल 71 निजी बसें ग्रामीण एवं अन्य मार्गों पर संचालित हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.