Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (20 फरवरी 2026)। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विधान सभा क्षेत्र नसीराबाद की ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस), राजौसी में गोदाम निर्माण के लिए विभाग को प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। यहां गोदाम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गोदाम निर्माण की स्वीकृति विभाग द्वारा आज ही जारी कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विधान सभा क्षेत्र नसीराबाद में कुल 5 ग्राम सेवा सहकारी समितियां संचालित हैं। इनमें से 4 समितियों के पास गोदाम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं होने से गोदाम निर्माण किया जाना संभव नहीं है।
सहकारिता मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक रामस्वरूप लाम्बा द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थे। उन्होंने कहा कि किसी भी ग्राम सेवा सहकारी समिति में गोदाम निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता होना आवश्यक है। नियमानुसार वैध स्वामित्व वाली भूमि उपलब्ध होने एवं संबंधित प्रबंध निदेशक, केन्द्रीय सहकारी बैंक अथवा उप रजिस्ट्रार, सहकारी समिति की अनुशंसा सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर उपलब्ध बजट के आधार पर गोदाम निर्माण की स्वीकृति पर विचार किया जाता है।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में सहकारिता मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद में कोई भी ग्राम सेवा सहकारी समिति किराये के भवनों में संचालित नहीं है। विधान सभा क्षेत्र नसीराबाद में 05 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गोदाम बने हुए नहीं हैं। विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद में गोदाम विहीन समितियों का विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा।