Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

एसीएस ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया

समस्या के निस्तारण के बाद रिवर्स कॉल कर संतुष्टि का फीडबैक लेने के निर्देश दिए

जयपुर, (18 मार्च 2026)। हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान के महानिदेशक एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) राजेश कुमार यादव ने बुधवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

एसीएस यादव ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों पर की गई कार्यवाही की जानकारी परिवादियों को व्हाट्सएप या मैसेज के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए तथा रिवर्स कॉल कर उनसे फीडबैक भी लिया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसीएस ने कंट्रोल रूम में स्वयं परिवादियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जयपुर, जालौर, जोधपुर एवं कोटा जिलों के परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर आरआईएसएल के समूह महाप्रबंधक जी.के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.