Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
सीकर, (29 जनवरी 2026)। शिक्षा नगरी सीकर को नशा-मुक्त नगरी बनाए जाने के उद्देश्य से नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा की अध्यक्षता में 29 जनवरी 2026 गुरुवार को नगर परिषद सीकर के कॉन्फ्रेंस हॉल में थोक तंबाकू विक्रेताओं एवं अभियान से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सीकर शहर को नशा-मुक्त नगरी बनाए जाने के लिए संचालित अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा तंबाकू लाइसेंसिंग प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नशा-मुक्त सीकर अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन, व्यापारियों और आमजन की संयुक्त सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी तंबाकू विक्रेताओं से नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने, अवैध तंबाकू बिक्री पर रोक लगाने तथा जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में राजस्व अधिकारी महेश चंद योगी, एनटीपीसी सेल से डॉ. संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, एसआरकेपीएस से हैदर अली तथा नगर परिषद तंबाकू सेल से सुरेश मिठारवाल सहित आमंत्रित समस्त थोक तंबाकू विक्रेता उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने नशा-मुक्त सीकर अभियान में सकारात्मक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में अभियान को चरणबद्ध रूप से सख्ती के साथ लागू करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।