Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
मंडी समितियों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने के लिए 50 करोड़ का कॉर्पस फण्ड गठित – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
जयपुर, (26 फरवरी 2026)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि भीनमाल समेत प्रदेश की अन्य कमजोर वित्तीय हालत वाली कृषि उपज मण्डी समितियों में आधारभूत सरंचना मजबूत करने के लिए 50 करोड़ रूपये का कॉर्पस फण्ड बनाया गया है। वर्ष 2025 में निदेशालय स्तर पर गठित फंड में 30 करोड़ रूपये जमा हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति, भीनमाल में किसानों की कृषि जिन्स रखने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है किन्तु वर्षा ऋतु में व्यापारियों द्वारा खरीद के बाद सड़क पर रखे गए माल के भीगने की संभावना रहती है। इस समस्या के निराकरण के लिए कॉर्पस फंड से 1 करोड़ 37 लाख रूपये की लागत से नाले का निर्माण करवाया जाएगा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक समरजीत सिंह द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का कृषि विपणन मंत्री की तरफ से जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति, भीनमाल के मण्डी क्षेत्र में वर्ष 2010 से पूर्व निर्मित सभी सड़कें राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मरम्मत एवं रख-रखाव के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को हस्तान्तरित की जा चुकी है। 31 दिसम्बर, 2014 एवं 18 मार्च, 2020 की विभागीय सड़क नीति के प्रावधानानुसार मण्डी समितियों से सम्पर्क सड़क (मिसिंग लिंक) निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त होने पर समिति की बचत के अनुसार गुणावगुण के आधार पर स्वीकृत की जाती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने पहली बार इन नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। पूर्व में मंडी समिति की सकल आय का 24 प्रतिशत केवल मिसिंग सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृत किया जाता था लेकिन अब संशोधित प्रावधानों के अनुसार इस 24 प्रतिशत में से 19 प्रतिशत राशि नवीन सडकों के निर्माण एवं शेष 5 प्रतिशत राशि 2014 के बाद बनी सड़कों के मरम्मत एवं रख रखाव के लिए व्यय की जा रही है।
इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने बताया कि वर्ष 2010 के पश्चात राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किसी भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है एवं कृषि उपज मण्डी समिति, भीनमाल से नवीन सम्पर्क सडकों के निर्माण के लिए प्रस्ताव प्राप्त नही हुआ है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में भीनमाल मण्डी यार्ड में 39 दुकान मय गोदाम, 4 सामान्य गोदाम, 3 कवर्ड प्लेटफॉर्म निर्मित हैं।