Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

हरिद्वार से जयपुर लौट रही बस में लगी आग, सामान जलकर खाक, बाल-बाल बचे 32 यात्री

जयपुर (3 जून  2026)| हरिद्वार से जयपुर लौट रही एक निजी यात्री बस देर रात अचानक आग लग गई। बस में 32 श्रद्धालु सवार थे, जो ऋषिकेश से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसा बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतिरशाह चौकी के पास हुआ। बस में लगी आग को देखकर यात्री दहशत में आ गए। यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। लेकिन चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बस में रखा यात्रियों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकलें मौके पर पहुंची। दमकलों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। वहीं पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

चलती बस में स्पार्किंग, चालक ने तुरंत रोकी

जानकारी के अनुसार बस ऋषिकेश से हरिद्वार होते हुए दिल्ली और जयपुर जा रही थी। हरिद्वार से निकलने के कुछ समय बाद बस में अचानक स्पार्किंग शुरू हो गई। चालक अरुण कुमार ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। दहशत में आए यात्री जैसे-तैसे बाहर निकले ही थे कि आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

कुछ ही मिनटों में जल गई पूरी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। यात्रियों के बैग, कपड़े, मोबाइल और अन्य जरूरी सामान बस के भीतर ही रह गए, जो पूरी तरह जल गए। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विदेशी यात्रियों के दस्तावेज भी आग में खाक

बस में कुछ विदेशी नागरिक भी यात्रा कर रहे थे। आग लगने की घटना में उनके पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और पुलिस विदेशी यात्रियों की मदद के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं ताकि उन्हें आगे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

आग के कारणों की जांच में जुटे अधिकारी

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पार्किंग के कारण आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की तत्परता नहीं होती तो यह हादसा बड़ा हो सकता था। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.