Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

सैकड़ों विद्यार्थी समवेत स्वर में बोले – ‘‘शिखर पर जाने को हम तैयार हैं’’

आठ विद्यार्थियों को बजरंगलाल हलवाई स्कॉलरशिप अवॉर्ड प्रदान कर किया सम्मानित

झुंझुनूं सहित पूरे भारतवर्ष के हजारों विद्यार्थियों के लक्ष्य एवं सपने पूरे करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले , मोटिवेशनल गुरू के नाम से प्रख्यात जीवेम चेयरमैन डॉ. दिलीप मोदी द्वारा आज जीवेम समूह के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा तथा आईआईटी-जेईई व नीट तथा एनडीए, सैनिक मिलिट्री प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले चयनित 350 से अधिक विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के गुरूमंत्र दिए गए। अवसर था झुंझुनूं एकेडमी सीबीएसई में आयोजित मोटिवेशनल सेमिनार ‘उन्मेष‘ का। शिखर पर जाने को मैं तैयार हूँ‘ की थीम पर आयोजित इस सेमिनार में डॉ. मोदी ने विद्यार्थियों को सर्वप्रथम उपलब्ध नौकरियों के अवसर एवं योग्यताओं के मध्य सप्लाई एवं डिमाण्ड की अवधारणा से अवगत कराया। वेक अप कॉल के माध्यम से डॉ. मोदी ने बताया कि विद्यार्थी जीवन में हमें अलार्म घड़ी की जरूरत नहीं होनी चाहिए, उन्होंने कहा कि जो स्व-प्रेरित होते हैं उन्हें ही बड़ी सफलताएं प्राप्त होती हैं। डॉ. मोदी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सीबीएसई व राजस्थान बोर्ड के लाखों विद्यार्थियों से आपकी प्रतिस्पर्धा है। लाखों की भीड़ में आगे कैसे जाना है यह उन्होंने ऑडियो विजुअल्स के माध्यम से बखूबी समझाया।
उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कोई भी विद्यार्थी अगली कक्षा में प्रमोट तो हो सकता है पर सिलेक्शन के लिए उसे सर्वोच्च अंक प्राप्त करने आवश्यक हैं। डॉ. मोदी ने कहा कि हम सब में एक हीरो छिपा हुआ है बस जरूरत है अपने अन्दर के उस हीरो को पहचान कर उसके अनुरूप कार्य करने की। आज ग्लोबल कॉम्पिटिशन का जमाना आ चुका है, सर्वश्रेष्ठ बनोगे तभी संघर्षों के सामने टिक पाओगे। जीवन में जो भी क्षेत्र चुनों, उसके शिखर पर पहुँचो। आगामी समय में आपकी प्रतिस्पर्धा इंसानो से नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तथा रोबोट से होने वाली है इसलिए खुद को तैयार करो। हमें इतिहास लिखना नहीं है, इतिहास बनाना है।
डॉ. मोदी ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि त्याग, तपस्या एवं निरंतर तराशने से ही उच्चतम स्थिति तक पहुँचा जा सकता है। जीवन में खुद को इस प्रकार तराशो कि लोग तुम्हें सफलता की ऊँचाईयों पर देखें। डॉ. मोदी ने विद्यार्थियों को प्रेरणा दी कि यदि शिखर पर जाना है, यदि उन्हें सूरज सा चमकना है तो उन्हें उसीके अनुरूप कठोर परिश्रम भी करना चाहिए। बचपन में सभी बच्चों द्वारा खेले जाने वाले सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से विद्यार्थियों को मोटिवेट करते हुए डॉ. दिलीप मोदी ने कहा कि जीवन में अवसर एवं बाधाएं समान रूप से आती रहती है, परन्तु हमें बाधाओं से डरना नहीं है और राह में आने वाले हर अवसर का सही सदुपयोग करना है। अन्त में डॉ. मोदी ने मोटिवेशनल गीत ‘मैं तैयार हूँ ‘ के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आह्वान किया और कहा कि इस बार का बोर्ड परीक्षा परिणाम और भी ऐतिहासिक होने वाला है।
कार्यक्रम के अगले चरण में गत वर्ष बोर्ड परीक्षा में 10वीं एवं 12वीं विज्ञान, वाणिज्य एवं कला वर्ग में टॉप करने वाले सीबीएसई एवं राजस्थान बोर्ड के विद्यार्थियों को श्री बजरंगलाल हलवाई स्कॉलरशिप अवॉर्ड से भी नवाजा गया। झुंझुनूं के चिड़ावावाला हलवाई परिवार की ओर से गणेश हलवाई, सी.ए. मोहित गुप्ता, हर्ष गुप्ता एवं सभी अतिथियों ने सामूहिक रूप से सीबीएसई बोर्ड के विज्ञान वर्ग में टॉपर प्रतीची तुलस्यान, वाणिज्य वर्ग टॉपर सौम्य मोदी, ह्यू्रूमेनिटीज टॉपर खुशी लामोरिया एवं दसवीं बोर्ड टॉपर अक्षत अग्रवाल वहीं राजस्थान बोर्ड में 12वीं विज्ञान वर्ग टॉपर वैशाली शर्मा, 12वीं वाणिज्य वर्ग टॉपर पारस कुमार, 12 वीं कला वर्ग टॉपर तनुश्री चारण तथा झुंझुनूं इंटरनेशनल स्कूल की दसवीं राजस्थान बोर्ड टॉपर अलीजा खान को 11000 रूपए नकद, गोल्ड मैडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जीवेम चेयरमैन डॉ. दिलीप मोदी, मैनेजिंग डायरेक्टर नीरजा मोदी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आशुतोष मोदी, झुंझुनूं एकेडमी डायरेक्टर आकाश मोदी एवं गरिमा मोदी ने भी टॉपर विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर जीवेम् एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आशुतोष मोदी ने अपने उद्बोधन में सभी विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के लिए विदेशों में भी भरपूर अवसर उपलब्ध हैं जहाँ पर उच्च गुणवता पूर्वक शिक्षा के साथ 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाती है। झुंझुनूं जिले से भी विश्व की टॉप यूनिवर्सिटीज में झुंझुनूं एकेडमी प्रबंधन की तरफ से विद्यार्थियों को विदेश में पढ़ने का अवसर दिया जाता है। विद्यार्थियों के विदेश में रहने से होने वाला खर्चा भी वहां की सरकार द्वारा वहन किया जाता है। साथ ही पढ़ने के विषयों में विज्ञान विषय के अतिरिक्त आर्ट्स एवं कॉमर्स पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी विदेशों में बहुत सारे विकल्प उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र पहनाकर किया गया। झुंझुनूं एकेडमी स्कूल निदेशक आकाश मोदी ने समस्त आगन्तुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर छात्रावास निदेशक कुरड़ाराम धींवा, सीबीएसई प्राचार्य डॉ. रविशंकर शर्मा, उप-प्राचार्या सरोज सिंह, जीवेम् पीआरओ अरविन्द शर्मा, हैड-मिस्ट्रेस उमा शर्मा, श्याम सुन्दर शर्मा, सोमेश भारद्वाज, प्रशासक कमलेश कुलहरि सहित सभी विद्यालयों के पदाधिकारी एवं अध्यापक-अध्यापिकाएं उपस्थित थे।

डॉ. रविशंकर शर्मा
प्राचार्य झुंझुनूं एकेडमी

Leave A Reply

Your email address will not be published.