Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित आईईएमएस पोर्टल के लिए ’हैंड्स ऑन ट्रेनिंग’

सभी राजनैतिक दल अंशदान रिपोर्ट, अंकेक्षित वार्षिक लेखा एवं निर्वाचन व्यय विवरण निर्धारित समय सीमा में करें दाखिल - मुख्य निर्वाचन अधिकारी

जयपुर, । मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी राजनैतिक दलों को अंशदान रिपोर्ट, अंकेक्षित वार्षिक लेखा एवं निर्वाचन व्यय विवरण निर्धारित समय सीमा में दाखिल करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जारी पारदर्शिता दिशा-निर्देश तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों (आरयूपीपी ) द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अंशदान रिपोर्ट, अकेक्षित वार्षिक लेखा एवं निर्वाचन व्यय विवरण निर्धारित समय सीमा तक दाखिल किया जाना है। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उक्त तीनों पालना रिपोर्ट आयोग के समक्ष दाखिल करनी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंशदान रिपोर्ट 30 सितंबर या सीबीडीटी द्वारा आईटीआर भरने की बढ़ायी गयी अंतिम तारीख तक, अंकेक्षित वार्षिक लेखा आईटीआर भरने की अंतिम तारीख से 1 महीने तक एवं निर्वाचन व्यय विवरण की आंशिक रिपोर्ट परिणाम जारी होने के 30 दिवस के अंदर जबकि निर्वाचन व्यय विवरण की अंतिम रिपोर्ट विधानसभा चुनाव परिणाम जारी होने के 75 दिवस के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल की जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ये पालना रिपोर्ट ऑफ लाइन के बजाय ऑनलाइऩ दाखिल करने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तकनीक आधारित सिस्टम आईईएमस पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के संबंध में https://ceorajasthan.nic.in/  वेबसाइट पर भी विस्तार से बताया गया है। राजनैतिक दलों को जानकारी हेतु सोमवार को सचिवालय स्थित कॉनफ्रेंस हॉल में आईईएमएस पोर्टल की हैंडस् ऑन ट्रेनिंग दी गयी। राजनैतिक दलों को इस संबंध में सहायता हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में एक हैल्प डेस्क भी स्थापित की गयी है, जिसका विवरण मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
बैठक में निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ के अधिकारी एवं विभिन्न पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.