Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

देश की एकता-अखंडता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी : विधायक भांबू

स्काउट गाइड कार्यालय में विधायक निधि से निर्मित भवन का लोकार्पण, विकास के लिए 8 लाख रुपए की घोषणा

झुंझुनूं, (12 अगस्त 2026)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं परिसर में विधायक निधि कोष से 7.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित भवन का बुधवार को लोकार्पण किया गया। विधायक राजेंद्र भांबू के मुख्य आतिथ्य, जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता व स्काउट गाइड जिला अध्यक्ष गंगाधर सिंह सुंडा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मुख्य आयुक्त अशोक कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्र कुमार, पीआरओ हिमांशु सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

स्काउटिंग से तैयार होते हैं जिम्मेदार नागरिक

विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि स्काउट गाइड गतिविधियों से बालक-बालिकाओं का सर्वांगीण विकास होता है। इनमें अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है तथा समाज और राष्ट्र के लिए अच्छे नागरिक तैयार होते हैं।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक वीरों ने अपना बलिदान दिया। राष्ट्र की अस्मिता और सुरक्षा के लिए भी वीरों ने अपने प्राण न्योछावर किए हैं। हमें उनके बलिदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र को निरंतर प्रगति की ओर ले जाने का संकल्प लेना चाहिए।

पूर्ण निष्ठा और मनोयोग से करें कार्य : कलक्टर

जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण मनोयोग से निभानी चाहिए। उन्होंने स्काउट गाइड द्वारा जिले में किए जा रहे रचनात्मक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना की।

इस दौरान भामाशाह डॉ. रामावतार सबलानिया को विधायक राजेंद्र भांबू एवं जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया। विधायक ने स्काउट गाइड कार्यालय के विकास के लिए 8 लाख रुपए की घोषणा भी की।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मुख्य आयुक्त अशोक कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि झुंझुनूं जिले की स्काउट गाइड गतिविधियों का राजस्थान में महत्वपूर्ण स्थान है। जिले में स्काउट्स एवं गाइड्स को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। स्काउट जिला अध्यक्ष गंगाधर सिंह सुंडा ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सीओ स्काउट महेश कालावत ने किया।

इस अवसर पर सीओ गाइड प्रियंका कुमारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त चिरंजीलाल शर्मा, हेडक्वार्टर कमिश्नर डॉ. रामावतार सबलानिया, लीडर ट्रेनर प्रहलाद राय जांगिड़, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कमिश्नर गाइड सुनीता बेनीवाल सहित स्काउट गाइड के पदाधिकारी, रोवर्स-रेंजर्स, प्रशिक्षु शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्काउट्स-गाइड्स उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.