Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
पाली जिले में अमर शहीद ऋषिराज सिंह देवड़ा के नाम पर हुआ खिवान्दी स्कूल का नामकरण
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल रहे उपस्थित
जयपुर, (09 जुलाई 2026)। पाली जिले के ग्राम खिवान्दी में अमर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा के बलिदान दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं भावपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खिवान्दी में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय नामकरण समारोह के साथ एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया। इसमें युवाओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल और राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने शिरकत कर शहीद की प्रतिमा और चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान कुल 121 यूनिट रक्तदान किया गया, जिन्हें अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति से लबरेज सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
इस दौरान जोराराम कुमावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही भावनाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विशेष आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खिवान्दी का नामकरण बदलकर “शहीद ऋषिराज सिंह देवड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खिवान्दी” करने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की। इस अभिनंदनीय और संवेदनशील निर्णय के लिए समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री जी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति की भावना का संचार करेगा। इस गौरवमयी अवसर पर शहीद के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया।