Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

हार्टफुलनेस औरभवानी निकेतन शिक्षा समिति द्वारा मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

जयपुर,(19 जून 2026) । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, 21 जून को आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की सहभागिता में हार्टफुलनेस संस्था एवं भवानी निकेतन शिक्षा समिति द्वारा भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड, सीकर रोड, जयपुर में एक विशाल योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें लगभग 2000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखकर उसे एक समग्र जीवन पद्धति के रूप में प्रस्तुत करना है, जिससे व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा में संतुलन स्थापित हो सके।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्राणायाम, योगासन, विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक मुद्राओं, हार्टफुलनेस रिलेक्सेशन तथा निर्देशित ध्यान का अनुभव कराया जाएगा। साथ ही ध्यान की वैज्ञानिक एवं सरल पद्धति से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे लोग तनावमुक्त और संतुलित जीवन की दिशा में प्रेरित हो सकें।
ब्राइटर माइंड्स का रहेगा आकर्षण –
इस अवसर पर ब्राइटर माइंड्स (Brighter Minds) तकनीक का भी विशेष परिचय कराया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं की मानसिक क्षमताओं, एकाग्रता, स्मरण शक्ति तथा अंतर्निहित संभावनाओं को विकसित करने के अभिनव तरीकों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में ब्राइटर माइंड्स के प्रशिक्षित छात्र आंखों पर पट्टी बांधकर केवल स्पर्श और अनुभूति के आधार पर वस्तुओं की पहचान करना, कार्ड पढ़ना तथा अन्य रोचक और आश्चर्यजनक प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे।
हार्टफुलनेस संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि योग और ध्यान का समन्वय व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक संतुलन को भी सुदृढ़ बनाता है। इसी उद्देश्य से समाज के सभी वर्गों को इस विशेष आयोजन में परिवार सहित भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों ने अधिकाधिक नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर योग, ध्यान एवं सकारात्मक जीवनशैली के इस महाअभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.