Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
जयपुर,(3 जून 2026)। चम्बल रिवर फ्रंट पर 25 मई को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर द्वारा मां चम्बल की आरती, दीपदान और भव्य कलश यात्रा के साथ कोटा जिला में शुरू हुए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक आमजन को जोड़ते हुए इसे एक जन अभियान का रूप दिया गया है। शहरों में विभिन्न वार्डों एवं गांवों में सामूहिक जल शपथ एवं संकल्प के साथ ही तालाब, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों की सामूहिक श्रमदान से सफाई कर अभियान में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कोटा जिला परिषद सभागार में बुधवार को आयोजित मीडिया राउंड टेबल के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं वंदे गंगा अभियान के जिला नोडल अधिकारी कमल कुमार मीणा ने मीडिया कर्मियों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल विभिन्न विभागों द्वारा कार्ययोजना बनाकर 25 मई से जल संरक्षण, स्वच्छता एवं श्रमदान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा 25 मई को सभी ग्राम पंचायतों में कलश यात्रा, सरोवर पूजन एवं पीपल पूजन जैसी गतिविधियों के साथ पूरे जिले में अभियान शुरू किया गया था। 26 मई को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर उसमें अभियान के बारे में चर्चा की गई एवं सभी को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल स्रोतों, जल संरक्षण ढांचों की सफाई, हरियालो राजस्थान की पूर्व तैयारी के तहत प्लांटेशन के लिए गड्ढे खोदने, अमृत सरोवरों एवं बावड़ियों की सफाई जैसे कार्य किए गए। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत हैंडपम्पों के पास सोख्ता गड्ढे बनाकर भू-जल रिचार्ज के प्रयास किए जा रहे हैं।
अभियान में स्वायत्त शासन विभाग द्वारा अभियान के अंतर्गत उजाड़ नदी पर सफाई, पूजन एवं जल संरक्षण कार्यों का शुभारंभ किया गया। सुकनी नदी सहित अन्य सरोवरों पर दीप प्रज्वलन के माध्यम से जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। विभिन्न नगर पालिकाओं द्वारा पौधारोपण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोकथाम के लिए कपड़े के थैले वितरण, कलश यात्रा, संकल्प तथा प्रभात फेरी के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत अरु नदी एनीकट पर जल पूजन, तकली बांध, पोलाई कलां तालाब पर जल उपयोक्ता संगमों के सहयोग से सफाई अभियान, नौनेरा बैराज पर जल पूजन, वृक्षारोपण एवं जल संकल्प जैसी गतिविधियां आयोजित कर अभियान में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की गई। पशुपालन विभाग द्वारा गायत्री परिवार गौशाला बंधा एवं सुल्तानपुर गौशाला में सफाई अभियान के साथ ही विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों में परिंडे बांधने, सफाई करने एवं प्लास्टिक से गायों को हो रहे नुकसान के बारे में आमजन को जागरूक करने संबंधी गतिविधियां आयोजित की गई।