Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
मुख्यमंत्री का युवाओं से संवाद युवाओं के हित में पहले दिन से ही किया काम स्वरोजगार की ओर बढ़ें युवा, राज्य सरकार करेगी मदद
मुख्यमंत्री का आह्वान- युवा विकसित राजस्थान के संकल्प में निभाएं अपनी भूमिका
जयपुर, (31 मई 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने पहले दिन से ही युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने एवं 6 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। इसी क्रम में 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई हैं, 1 लाख 35 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं एवं इस वर्ष 1 लाख 25 हजार पदों का भर्ती कैलेण्डर भी जारी किया गया है।
प्रधानमंत्री की ईंधन बचत की अपील, साईकिल से मुख्यमंत्री निवास पहुंचे युवा-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील को आत्मसात कर बड़ी संख्या में युवा मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में साईकिल से पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं, उन्होंने आह्वान किया कि विकसित राजस्थान-2047 के सपने को साकार करने में युवा अपनी अहम भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर युवाओं से संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेपरलीक ने युवाओं के सपनों को तोड़ा, लेकिन हमारी सरकार ने इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा है। हमारे कार्यकाल में बिना पेपरलीक के 350 से अधिक परीक्षाएं आयोजित हुई हैं। वहीं, प्रदेश के युवाओं को प्रगति के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए युवा नीति भी लाई गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार के अवसर मिले, इसके लिए भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्राम स्तर पर युवाओं के लिए अटल ज्ञान केन्द्रों को विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब 4 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 436 रोजगार सहायता शिविर आयोजित किए हैं, युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत 6 प्रतिशत ब्याज पुनर्भरण हेतु ऋण की सीमा को बढ़ाकर 2 करोड़ रूपये किया है। योजना के अन्तर्गत 248 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत फंडिंग प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए रोडमैप बनाया, जिसके तहत सबसे पहले जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। वहीं, आईजीएनपी एवं गंग नहर का सुदृढ़ीकरण, देवास परियोजना का विस्तार, ब्राह्मणी नदी एवं माही बांध परियोजना जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेशभर के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसी क्रम में 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमने राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। गांवों और शहरी वार्डों के विकास का रोडमैप बनाने के लिए मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथों के माध्यम से प्रदेश में किसान कल्याण की दिशा में कार्य किया गया है। जल संचय के लिए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान और कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। हमारी सरकार ने हरियालो राजस्थान अभियान चलाकर लगभग 20 करोड़ पौधारोपण का कार्य किया है। इस वर्ष भी 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में डेयरी, सहकारिता, पर्यटन, खनन सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसलिए युवा इन क्षेत्रों से जुड़कर अपनी आजीविका का मार्ग प्रशस्त करें। उन्होंने कहा कि डेयरी सेक्टर में दूध संकलन केन्द्रों की संख्या एवं प्रसंस्करण इकाइयों की क्षमता में वृद्धि की गई है। वहीं, सहकारिता क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए नए सदस्य बनाए गए हैं। साथ ही, निरंतर नवीन पैक्स भी खोले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अपनी मेहनत और जुनून से वे बुलंदियों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल जैसे युवा स्वतंत्रता सेनानियों का अहम योगदान रहा। इसलिए प्रदेश का युवा इन्हें अपनी प्रेरणा का स्रोत बनाए और अध्ययन के जरिये ज्ञान में वृद्धि कर जीवन का मार्ग प्रशस्त करे।
इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।