Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

रीको सीतापुरा फ्लैटेड फैक्ट्री: प्लग एंड प्ले मॉडल बना उद्यमियों की पहली पसंद

सीतापुरा स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में 14 मॉड्यूल्स का हुआ आवंटन, मॉड्यूल्स में उद्यम स्थापित कर रहे उद्यमी भविष्य के लिये आशान्वित

जयपुर, (17 मई 2026)। सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रीको फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स (प्लग एंड प्ले) को उद्यमियों से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। गत वर्ष प्रारंभ किए गए इस प्रोजेक्ट में अब तक 14 मॉड्यूल्स का आवंटन किया जा चुका है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को शीघ्र उद्योग स्थापना हेतु रेडी टू मूव मॉड्यूल्स उपलब्ध कराना है, जिसके परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। सीतापुरा की यह फ्लैटेड फैक्ट्री अब सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि उद्यमियों के लिये कम निवेश में सुनहरा भविष्य देखने का जरिया बन चुकी है।

कॉम्प्लेक्स में रेडीमेड गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग, जेम्स एंड ज्वेलरी तथा आईटी सेक्टर से जुड़े उद्यमियों ने औद्योगिक इकाई प्रारंभ करने के लिये तैयारी कर ली है और कुछ इकाइयों में कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। उद्यमियों का मानना है कि सीतापुरा जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र में कम लागत में आधुनिक सुविधाओं के साथ उद्योग स्थापित करने का अवसर उन्हें व्यापार वृद्धि एवं बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।

फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के एसएफ-9 मॉड्यूल में “शिल्पायान इंडिया” के नाम से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने वाले विजय सिंह सेंगर ने बताया कि रीको के इस प्रोजेक्ट की जानकारी मुझे एक्सपोर्ट क्षेत्र से जुड़े साथियों के माध्यम से मिली। लोकेशन, लागत एवं उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए यह मेरे व्यवसाय के लिए उपयुक्त साबित हुआ। सुरक्षा व्यवस्था, ऑफिस डिजाइनिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं पर समय और अतिरिक्त निवेश नहीं करना पड़ा, जिससे मैं अपने व्यवसाय पर फोकस कर सका। ई-ऑक्शन से लेकर आवंटन तक रीको का सहयोग सराहनीय रहा। सबसे बड़ी बात यह है कि इस मॉडल ने छोटे उद्यमियों की लागत घटाकर उनके मुनाफे को बढ़ाने का रास्ता खोल दिया है। जहां पहले व्यवसाय शुरू करने में वर्षों लग जाते थे, वहीं अब उद्यमी तुरंत अपना काम शुरू कर पा रहे हैं।

आईटी क्षेत्र से जुड़े “कोहेसिव टीम्स” के संचालक मयंक अग्रवाल ने बताया कि किसी भी व्यवसाय की शुरुआत में फिक्स्ड एसेट्स पर भारी खर्च होता है, लेकिन फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में व्यवसाय प्रारंभ करने से मेरी प्रारंभिक लागत में कमी आई है। मॉड्यूल एफएफ-9 में मैं सॉफ्टवेयर डवलपमेंट यूनिट स्थापित कर रहा हूं।

गारमेंट एवं अपैरल सेक्टर से जुड़े उद्यमी शुभ जैन ने कहा कि सीतापुरा पहले से ही गारमेंट इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां यूनिट स्थापित करना उनके लिए बेहतर अवसर साबित हुआ। वर्तमान में उनकी इकाई में 8 लोग कार्यरत हैं तथा भविष्य में इस कॉम्प्लेक्स में और अधिक गारमेंट इकाइयों के आने की पूरी संभावना है।

उल्लेखनीय है कि रीको द्वारा सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में 4,167 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है। यह राज्य की पहली ऐसी परियोजना है जिसमें उद्यमियों को लाइसेंस फीस के आधार पर मॉड्यूल्स आवंटित किए गए हैं। कॉम्प्लेक्स में कुल 33 मॉड्यूल्स में से 30 मॉड्यूल्स गारमेंट, आईटी और जेम्स और ज्वेलरी के लिये आरक्षित हैं एवं तीन मॉड्यूल्स सामान्य श्रेणी के उद्योगों के लिये हैं। कॉम्प्लेक्स में प्रशासनिक कार्यालय, बैंक, प्रशिक्षण कक्ष, सभा कक्ष, कैंटीन, मालवाहक एवं यात्री लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रीको द्वारा सूक्ष्म उद्योगों, जिनका वार्षिक टर्नओवर 35 करोड़ रुपये से अधिक नहीं है, के लिए 1236 से 1566 वर्गफीट तक के रेडी टू मूव बिल्टअप स्पेस उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि उद्यमी बिना देरी के अपना उद्योग प्रारंभ कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.