Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विकसित राजस्थान रन 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

अधिकाधिक जनभागीदारी से कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश

जयपुर, (12 मार्च 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गत वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में इस वर्ष भी राज्य सरकार द्वारा 19 मार्च को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 14 मार्च से 19 मार्च तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी श्रृंखला में 15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय ‘विकसित राजस्थान रन 2026’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका फ्लैग ऑफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के समस्त जिलों में भी विकसित राजस्थान रन का आयोजन किया जाएगा।

विकसित राजस्थान रन के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव श्री नीरज के. पवन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि विकसित राजस्थान रन में आमजन, युवाओं तथा छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे यह आयोजन जनसहभागिता के साथ एक बड़े जन उत्सव के रूप में आयोजित हो सके। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

उन्होंने बताया कि यह रन अमर जवान ज्योति (जनपथ) के सामने से प्रारम्भ होकर सवाई मानसिंह स्टेडियम का पूर्ण चक्कर लगाते हुए टोंक रोड से रामबाग सर्किल होते हुए डॉ. भीमराव अम्बेडकर सर्किल से पुनः अमर जवान ज्योति तक आयोजित की जाएगी। इसमें लगभग 50 हजार युवाओं के भाग लेने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं के युवा जैसे एन.एस.एस, एन.सी.सी, भारत स्काउट व गाइड, हिन्दुस्तान स्काउट एवं गाइड तथा एन.वाई.के.एस. के सदस्य, साथ ही सरकारी व गैर-सरकारी संगठनों के युवा एवं खिलाड़ी शामिल होंगे।

बैठक में स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, एन.सी.सी, उच्च शिक्षा एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारी तथा प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.