Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जोधपुर जिले की पंचायत समिति लूणी में साधारण सभा की बैठक हुई आयोजित

कुशल नेतृत्व की बदौलत राजस्थान देश के बेस्ट परफॉर्मर स्टेट की श्रेणी में पहुँचा– संसदीय कार्य मंत्री

जयपुर, (14 जनवरी 2026)। जोधपुर जिले की पंचायत समिति लूणी की साधारण सभा की बैठक बुधवार को पंचायत समिति सभागार में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के उत्थान और प्रत्येक क्षेत्र के समुचित विकास के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार के दो वर्ष कार्यकाल में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पूर्ण पारदर्शिता से उत्कृष्ट प्रशासन की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कुशल नेतृत्व की बदौलत आज राजस्थान देश के बेस्ट परफॉर्मर स्टेट की श्रेणी में पहुँच गया है। उन्होंने कहा राजस्थान 11 राष्ट्रीय योजनाओं में प्रथम, 5 योजनाओं में द्वितीय और 9 योजनाओं में तृतीय स्थान पर है।

मुख्यमंत्री आयुष्मान बाल संबल योजना—

 पटेल ने कहा मुख्यमंत्री आयुष्मान बाल संबल योजना के तहत दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बच्चों को 50 लाख रूपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक 5 हजार रूपये प्रतिमाह सहायता राशि दी जा रही हैं।

 पटेल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को परंपरागत रास्ते जो राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है उनका सर्वे कर रास्ता खोलो अभियान के तहत राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने रास्तों पर अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी काश्तकारों की एग्रीस्टैक फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने के निर्देश दिए।

 पटेल ने राजस्व विभाग और जेडीए के अधिकारियों को खाराबेरा पुरोहितान, बड़ली और मोडी जोशियान में जीएसएस निर्माण के लिए भूमि आवंटन करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिस्कॉम के अधिकारियों को भाचरणा में खेल मैदान के ऊपर से गुजरने वाली विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा वर्तमान सरपंचों का कार्यकाल पूर्ण हो गया है और आपके कार्यकाल में शेष रहे कार्यों को पूर्ण कर समयबद्ध समायोजन करवाएं। उन्होंने कहा अपनी ग्राम पंचायत में सघन सफाई अभियान चलाकर पंचायत भवन एवं पंचायत परिसर की सफाई सुनिश्चित करें।

बैठक में गत साधारण सभा की बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन किया गया। साथ ही पंचायत समिति लूणी की मनरेगा कार्ययोजना वर्ष 2026-27 के तहत अनुमानित लागत 29 करोड़ 98 लाख रूपये के 1779 कार्यों का अनुमोदन किया गया।

बैठक के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में पंचायत समिति एवं जिला परिषद के सदस्यगण और सरपंचगण को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अभिनन्दन किया गया। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा सभी जनप्रतिनिधियों ने 5 वर्ष में जनसेवा से जो अनुभव प्राप्त किए वह समाज के उत्थान में निरंतर काम आएंगे।

बैठक में बिलाड़ा विधायक अर्जुनलाल गर्ग भी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.