Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
अजमेर में रन फॉर विकसित राजस्थान को जल संसाधन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
विकसित राजस्थान के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका— रावत
जयपुर, (21 दिसम्बर 2025)। राज्य सरकार कार्यकाल के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अजमेर जिले में रविवार को रन फॉर विकसित राजस्थान- 2025 का आयोजन उत्साह और पूर्ण जनभागीदारी के साथ किया गया। जिला मुख्यालय पर पुरानी चौपाटी से अर्बन हाट तक आयोजित दौड़ को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुरेश सिंह रावत ने कहा कि विकसित राजस्थान के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासन तथा राष्ट्रनिर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक दौड़ नहीं बल्कि स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर राजस्थान के निर्माण का प्रेरक संदेश है। इसमें जन-जन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
रावत ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। इसने समाज में जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता को नई ऊर्जा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जावान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के कुशल, संवेदनशील एवं दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान निरंतर विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार की योजनाएँ गांव-ढाणी से लेकर शहरों तक आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।
उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रहित को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इससे विकसित राजस्थान के सपने को साकार किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में सीआरपीएफ के जवान, खिलाड़ी, स्कूली विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस, स्काउट-गाइड के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी एवं नरेंद्र कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी श गरिमा नरूला सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।