Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विज्ञान भारती पार्क में ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ कार्यक्रम आयोजित

भारतीय संस्कृति प्रकृति पूजक, हवा, पानी और मिट्टी की शुद्धता के लिए सब मिलकर कार्य करें—राज्यपाल

जयपुर, (9 नवम्बर 2025)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भारतीय संस्कृति को प्रकृति पूजक बताते हुए कहा कि हवा, पानी, मिट्टी की शुद्धता नहीं रखने से ही पर्यावरण का संकट गहराया है। उन्होंने कहा कि पेड़ धरती का शृंगार हैं। उन्हें अधिक से अधिक लगाएं ही नहीं बल्कि लगाने के बाद पनपने तक उनका संरक्षण भी करें।

राज्यपाल रविवार को सीतापुरा स्थित विज्ञान भारती पार्क में ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विज्ञान भारती ने अनुपयोगी डंपिंग यार्ड में वृक्षारोपण कर उसे “ऑक्सी जोन” के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। यह अनुकरणीय है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध वायु और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बनेगा।

बागडे ने पेड़ लगाने के साथ ही पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन के लिए भी सभी को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रसार का एक अर्थ यह भी है कि हम वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करें। वैज्ञानिक दृष्टिकोण यह है कि पेड़ों से ही पर्यावरण संतुलन बना रहता है। पेड़ उजड़ते हैं तो बहुत कुछ उजड़ जाता है। वहां रहने वाले जीव—जंतुओं का आवास छीन जाता है। इसी से पारिस्थितिकी संतुलन गड़बड़ाता है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में हरित पहल करने के साथ कचरा प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, पर्यावरण शिक्षा और जागरूकता अभियान चलाने का भी आह्वान किया।

विज्ञान भारती के डॉ. मेघेन्द्र शर्मा ने बताया कि विज्ञान भारती ने जयपुर, अलवर और सीकर जिलों में अनुपयोगी भूमि को हरित क्षेत्र में बदलने की विशेष मुहिम शुरू की है।

राज्यपाल ने इससे पहले ‘कल्पवृक्ष’ लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.