Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

शिक्षक दिवस समारोह आयोजित

शिक्षक विद्यार्थी को संस्कारित कर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता है- राज्यपाल

जयपुर, (5 सितम्बर 2025)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शिक्षक दिवस पर शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक वह है जो विद्यार्थी का जीवन गढ़े, उसे संस्कारित करे और जीवन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सदा प्रेरित करे। उन्होंने आदर्श शिक्षक और देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए उनकी उदात्त शिक्षा दृष्टि को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बागडे शुक्रवार को मालवीय मिशन संस्था द्वारा आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने नई शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए कहा कि यह राष्ट्र विकास से जुड़ी है। शिक्षक, विद्यार्थी और समाज के हितों के आलोक में इसे तैयार किया गया है। उन्होंने पंडित मदन मोहन मालवीय के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और शिक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन होम कर दिया था। उन्होंने कहा कि मालवीय जी ने हिंदी का प्रसार किया, राष्ट्रवादी विचारों को आगे बढ़ाया और काशी हिंदू विश्वविद्यालय जैसा विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया।

राज्यपाल ने इस दौरान गीता प्रतियोगिता के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा भगवतगीता जीवन को बेहतर ढंग से जीने का विरल ज्ञान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस का अर्थ है, शिक्षा से जुड़ी हमारी संस्कृति का सम्मान। यह दिवस हमें शिक्षकों के बताए आदर्श पथ पर चलते हुए भविष्य की उज्ज्वल राहों के संवाहक बनने के लिए प्रेरित करता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.