Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
गंगा दशहरा और पर्यावरण दिवस पर जिले में आज से शुरू होगा ‘वंदे गंगा: जल संरक्षण जन अभियान’
अभियान के प्रभारी सचिव अनिल कुमार अग्रवाल व जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने ली अधिकारियों की बैठक
झुंझुनूं, (4 जून 2025)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर 5 जून से 20 जून तक विशेष अभियान गुरुवार से शुरू हो रहा है। मंडावा के तेतरा से शुरु होने वाले इस अभियान का आगाज़ जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत गुरुवार सुबह 7 बजे करेंगे। यहां जिला स्तरीय समारोह होगा। अभियान के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान के प्रभारी सचिव एवं आयुक्त, विभागीय जांच अनिल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में वंदे गंगा में जल संरक्षण जन अभियान को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने अभियान के संचालन को लेकर विस्तृत रूपरेखा रखी। बैठक में जिला कलेक्टर मीणा ने बताया कि जल संरक्षण के लिए प्रत्येक गांव में जागरूकता फैलाई जाए वहीं गांव में तुलसी व नीम के पेड़ लगवाने, सभी सरकारी संस्थानों में जल ग्रहण इकाइयों का सुधारने के व अभियान का व्यापक जमीनी स्तर पर संचालन के निर्देश दिए गए हैं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह ने विभिन्न विभागों में कार्य विभाजन करते हुए समीक्षा की।
अभियान के प्रभारी सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने जलाशयों के नजदीक सघन वृक्षारोपण करने के निर्देश देते हुए अभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाए।
पखवाड़े में प्रभात फेरी, कलश यात्रा, पौधारोपण, जल पूजन, सफाई अभियान, दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक संध्या, प्याऊ स्थापना और भूजल पुनर्भरण जैसी गतिविधियां योजनाबद्ध तरीके से संचालित की जाएंगी। इसे लेकर विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, जो कार्यक्रमों के समन्वय और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बैठक में जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी ने अभियान के तहत जलभराव क्षेत्रों में सोखते गड्ढे निर्माण का सुझाव दिया। वहीं बनवारीलाल सैनी ने पेयजल टेस्टिंग व विशंभर पूनिया ने विभिन्न शिक्षण संस्थाओं व स्वयं सेवी संस्थाओं को टांके निर्माण के लिए प्रेरित करने का सुझाव दिया।
बैठक में एडीएम अजय कुमार आर्य झुंझुनू एसडीएम हवाई सिंह यादव, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, उपवन संरक्षक उदाराम सियोल, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ राजेंद्र लांबा,पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ शिवरतन, राजीविका प्रबंधक राहुल कुमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ पवन पूनिया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधीर यादव समेत संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान की जाने वाली प्रमुख गतिविधियांः
जल स्रोतों की सफाई और दीप पूजन, जल संरक्षण पर प्रभात फेरी, नाटक एवं जनसभाएं, नर्सरी की सफाई, पौधों की ग्रेडिंग एवं तुलसी वितरण, ग्रीन ऑफिस, ऊर्जा ऑडिट और पर्यावरणीय कला कार्यक्रम, स्कूलों में भाषण, निबंध और कविता प्रतियोगिताएं, वन क्षेत्रों में नेचर वॉक एवं पौधारोपण, पीपल पूजन, पक्षियों के लिए परिंडे बांधना और पशुओं के लिए जल व्यवस्था, नहरों, बांधों व तालाबों की सफाई और गाद हटाना, पशु खेळियों एवं पक्षियों के लिए पेयजल व्यवस्था को विशेष महत्व दिया जाएगा।
आज होगा इन कार्यक्रमों का आयोजन :
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का शुभारंभ गुरुवार को प्रातः 7 बजे जिले के प्रभारी मंत्री व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत की अध्यक्षता में मंडावा पंचायत समिति के गांव तेतरा में किया जाएगा। सुबह 10 बजे झुंझुनू के समस तालाब में नगर परिषद झुंझुनूं के अधिकारियों का कर्मचारियों के द्वारा श्रमदान किया जाएगा। वही शाम 6 बजे कोट बांध उदयपुरवाटी समेत जिले में विभिन्न जलाशयों में दीप प्रज्वलित का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में कलश यात्रा, जलाशय पूजन, तुलसी पौधा वितरण समेत मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत 51 कार्यों का शिलान्यास भी प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत करेंगे। वहीं रन फॉर एनवायरमेंट, निबंध प्रतियोगिता आदि के विजेताओं को भी सम्मानित करेंगे।
अभियान के तहत जिले की 11 पंचायत समितियां के 328 ग्राम पंचायतों के कार्मिकों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का संकल्प दिलाया जाएगा व विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा । इस दौरान कलश यात्रा व पीपल पूजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।