Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित

जिला कलेक्टर ने निर्बाध पेयजल आपूर्ति के दिए निर्देश

झुंझुनूं, (28 अप्रैल 2025)। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर रामावतार मीणा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर मीणा ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चिकित्सा विभाग को गर्मी के मौसम को देखते हुए समुचित चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भूमि आवंटन के कार्यों को प्राथमिकता से निपटाने पर बल दिया। इसके साथ ही ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए एमओयू की प्रगति रिपोर्ट भी ली और संबंधित विभागों को तेजी से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन इस योजना का लाभ उठाकर सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हो सकें।
बैठक में शिक्षा विभाग को मिड डे मील योजना के तहत भोजन में स्वच्छता बनाए रखने तथा मेनू चार्ट के अनुसार पोषाहार उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए गए।

यह रहे मौजूद –

बैठक में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता एम के टिबडा़, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक नानूराम, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ सुरेश सुरा, सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉक्टर जितेंद्र भांबू, नगर परिषद आयुक्त दिलीप पूनिया, एसिईओ रामनिवास चौधरी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अनिल पूनिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र सिंह राठौड़, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक घनश्याम गोयल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ पवन पूनिया, एडिईयो उमेद सिंह महला, जिला रसद अधिकारी डॉ निकिता राठौड़, सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.