Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

चिकित्सा मंत्री ने जैसलमेर में की स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा

स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने में संसाधनों की नहीं रहेगी कोई कमी - चिकित्सा मंत्री

जयपुर/जैसलमेर, (22 दिसम्बर 2024)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्रसिंह खींवसर ने कहा कि जैसलमेर जिले की भौगोलिक परिस्थिति को देखते हुए चिकित्सा सेवाओं के सुदृढीकरण के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि जिले में एएनएम के रिक्त पदों को जल्द भर दिया जाएगा।

चिकित्सा मंत्री रविवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग में पूर्ण पारदर्शिता रखते हुए नई भर्तियों में राज हैल्थ पोर्टल के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही अन्य चिकित्सा अधिकारियों व पैरामेडिकल स्टाफ की पोस्टिंग की जा रही है, यदि जैसलमेर जिले में किसी ने कार्यग्रहण नहीं किया है तो उसकी सूचना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दें ताकि उचित कार्यवाही की जा सके। उन्होंने ने कहा कि रेगिस्तानी एवं सीमावर्ती ऐसे जिले जिनकी भौगोलिक स्थिति प्रतिकूल है, वहां विशेष रियायत देकर चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।

शीघ्र भरेंगे सीएचओ के रिक्त पद –

चिकित्सा मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सा सुविधाओं को बेतहर बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के रिक्त पदों पर शीघ्र ही पदस्थापन कर दिया जायेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि टेलीमेडिसन के समस्त उपकरण स्थापित कर दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को चिकित्सा सुविधाओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से पूरा लाभ दिया जाए।

स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव शीघ्र भिजवाएं –

चिकित्सा मंत्री ने कहा कि जैसलमेर जिले में एफआरयू यूनिट रामगढ, मोहनगढ़ एवं सांकडा में रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने जिले में दी गई एएलएस एम्बुलेंस की जानकारी भी ली एवं कहा कि यहां की जरूरत के अनुरूप लाठी व रामगढ़ के लिए एक-एक एएलएस एम्बुलेंस शीघ्र् ही उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने सीएमएचओ एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि वे जिले की आवश्यकता अनुसार सीटी स्केन, एमआरआई एवं अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों की सूची शीघ्र ही उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केन्द्र एवं स्वास्थ्य केन्द्र के सुदृढीकरण के लिए प्लान जनवरी माह के प्रथम सप्ताह तक भेजने के निर्देश दिए।

योजनाओं का हो प्रभावी क्रियान्वयन –

चिकित्सा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे विभाग की समस्त योजनाओं का बेतहर ढंग से क्रियान्वयन कर आमजन को पूरा लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। एम्बुलेंस की सेवाओं की प्रभावी मॉनिटिरिंग करें एवं कमी पाई जाने पर रिपोर्ट करें। एएनएम के पदों की जानकारी राज हेल्थ पोर्टल पर अपडेट करने के भी निर्देश दिए।

जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी एवं पूर्व विधायक डॉ. जितेन्द्र सिंह ने जिला अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए आवश्यकताओं से अवगत कराया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार पालीवाल ने जिले की चिकित्सा सेवाओं की स्थिति के बारे में अवगत करवाया। बैठक में जिला कलक्टर प्रताप सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्दन सिंह तंवर के साथ ही अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.