Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (10 नवम्बर 2025)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष में देशभर में आयोजित हो रहे उत्सव सरदार@150 की कड़ी में सोमवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय पर भव्य ‘एकता मार्च पदयात्रा‘ का आयोजन किया गया। अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से शुरू हुई पदयात्रा में शामिल होकर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा की। इससे पूर्व वि़द्यालय में सरदार पटेल को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने युवाओं का आह्वान किया कि सरदार पटेल के समान दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रनिष्ठा के साथ आगे बढ़ें। एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता ही सशक्त भारत की नींव हैं। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत एवं नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर स्काउट एंड गाइड की स्वयंसेविकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
भव्य पदयात्रा को विधायक छोटू सिंह भाटी, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।