Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
महामंत्रों और यज्ञ आहुतियों से राममय हुआ पूरा अंचल
गुरू कृपा अखण्ड ज्वाला महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, वृंदावन की रासलीला और भजन संध्या बनी आस्था का केंद्र
झुंझुनूं, (24 मई 2026)। सनमुख बालाजी धाम, देवगांव (नूआं ), ढ़िगाल के पास आयोजित “श्री गुरू कृपा अखण्ड ज्वाला मंगली महायज्ञ” इन दिनों पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है। 21 मई से 29 मई 2026 तक चल रहे इस विराट धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचकर यज्ञ आहुतियों, रासलीला, रामलीला और भजन संध्या का लाभ उठा रहे हैं। महामंत्रों और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आ रहा है।
कार्यक्रम मंत्री महेश बसावतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि संरक्षक भक्त शिरोमणि किशोर सिंह शेखावत के सानिध्य में समस्त धार्मिक अनुष्ठानों एवं महायज्ञ का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। किशोर सिंह महाराज अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और सनातन संस्कृति की शिक्षा-दीक्षा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वृंदावन से आई हुई रासाचार्य मंडली द्वारा प्रस्तुत की जा रही रासलीला ग्रामीण अंचल में श्रद्धा और भक्ति का अलौकिक संदेश दे रही है। वहीं दिन में रामलीला और शाम को रासलीला के मंचन से श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं। महायज्ञ में वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच दी जा रही आहुतियों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा है। आचार्य वासुदेव के श्रीमुख से निकले हनुमान मंत्रों की गूंज हाईवे तक लगाए गए माइक के माध्यम से दूर-दूर तक सुनाई दे रही है, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र राममय हो गया है।
इसी कड़ी में हरियाणा से आए प्रसिद्ध गायकों एवं गायिकाओं द्वारा आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते नजर आए। कार्यक्रम मंत्री महेश बसावतिया ने कहा कि अधिक मास अर्थात पुरुषोत्तम माह की इस पुण्यमयी बेला में सभी श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों में पहुंचकर यज्ञ आहुतियों का लाभ उठाना चाहिए। महायज्ञ के मुख्य यजमान हेमंत कुमार अग्रवाल रहे। आयोजन में उपाध्यक्ष सुनील बाबल, रघुवीर सिंह शेखावत, सरजीत सिंह राठौड़, सुरेंद्र कुड़ी, कोषाध्यक्ष आशीष कुमावत, रतिराम, मयंक अग्रवाल, नीरज खीचड़, सुखराम डूडी, विक्रम, मनमोहन सिंह, करण सिंह, हरीश शर्मा, दीपेंद्र सिंह, मेहताब सिंह, जयपाल डूडी, अशोक जांगिड़, प्रमोद कुमार, ईश्वर बुडानिया, सुमित खीचड़, सुनील कृष्णिया, शेर सिंह, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस आयोजन में 21 मई को विशाल कलश यात्रा निकाली गई थी। कार्यक्रम में प्रतिदिन भंडारा भी आयोजित किया जा रहा है। यज्ञाचार्य के रूप में पंडित वासुदेव शर्मा तथा रासाचार्य के रूप में श्री कृष्ण भारद्वाज श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान कर रहे हैं।
आयोजन समिति एवं सनमुख बालाजी धाम विकास समिति के पदाधिकारियों ने अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।