Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राजस्थान सरकार का 01 वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम ‘एक वर्ष-परिणाम उत्कर्ष’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे राजस्थान को कई सौगातें

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए झुंझुनूं जिले के हजारों लाभार्थी लेंगे भाग

झुंझुनू, (16 दिसंबर 2024)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिसंबर को राजस्थान का दौरा करेंगे। वे राजस्थान सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में दादिया वाटिका जयपुर में आयोजित ‘एक वर्ष-परिणाम उत्कर्ष’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे जयपुर में ऊर्जा, सड़क, रेलवे और जल से जुड़ी 46,300 करोड़ रुपये से अधिक की 24 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे । प्रधानमंत्री 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की 9 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें केंद्र सरकार की 7 और राज्य सरकार की 2 परियोजनाएं शामिल हैं। वे 35,300 करोड़ रुपये से अधिक की 15 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें केंद्र सरकार की 9 और राज्य सरकार की 6 परियोजनाएं हैं। कार्यक्रम के दौरान जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, उनमें नवनेरा बैराज, स्मार्ट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन नेटवर्क और परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली से जुड़ी परियोजनाएं, रेलवे के भीलड़ी-समदड़ी-लूणी-जोधपुर-मेड़ता रोड-डेगाना-रतनगढ़ खंड का विद्युतीकरण और दिल्ली-वडोदरा ग्रीन फील्ड अलाइनमेंट (एनएच-148एन) (एसएच-37ए के जंक्शन तक मेज नदी पर प्रमुख पुल) परियोजना का 12 वां पैकेज शामिल है। ये परियोजनाएं लोगों के आवागमन को आसान करने और प्रधानमंत्री के हरित ऊर्जा के दृष्टिकोण के अनुरूप राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेंगी।
प्रधानमंत्री 9,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से रामगढ़ बैराज और महलपुर बैराज के निर्माण कार्य तथा चंबल नदी पर नहर के माध्यम से नवनेरा बैराज से बीसलपुर बांध और ईसरदा बांध तक पानी स्थानांतरित करने की प्रणाली की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री सरकारी कार्यालय भवनों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने, पूगल (बीकानेर) में 2000 मेगावाट के एक सौर पार्क और 1000 मेगावाट के दो चरणों के सौर पार्कों के विकास तथा सैपऊ (धौलपुर) से भरतपुर-डीग-कुम्हेर-नगर-कामाण और पहाड़ी तथा चंबल-धौलपुर-भरतपुर तक पेयजल आपूर्ति लाइन के रेट्रोफिटिंग कार्य का भी शिलान्यास करेंगे। इसके अतिरिक्त वे लूणी-समदड़ी-भीलड़ी डबल लाइन, अजमेर-चंदेरिया डबल लाइन और जयपुर-सवाई माधोपुर डबल लाइन रेलवे परियोजना के साथ-साथ अन्य ऊर्जा पारेषण से संबंधित परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।

जिले के हजारों लाभार्थी प्रधानमंत्री की सभा में होंगे शामिल –

झुंझुनूं जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र से हजारों लाभार्थी और आमजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मंगलवार अलसुबह रवाना होंगे। जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण –

जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने बताया कि राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को अनेक सौगातें देंगे । राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव जिला स्तर पर सूचना केंद्र सभागार में किया जाएगा, वहीं सभी ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.