Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

’’जनप्रतिनिधि आपके द्वार’’ सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की भावना से क्षेत्र का विकास किया जाएगा- कन्हैया लाल चौधरी

जयपुर, (13 फरवरी 2025)। जनप्रतिनिधि आपके द्वार के तहत जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी तीसरे दिन टोंक जिलें के उपखंड टोडारायसिंह के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने गांवों में जाकर जन समस्याओं का समाधान किया साथ ही, आमजन को कई विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने टोडारायसिंह उपखंड के ग्राम मोर, मेहरू, भीमगढ़, पंवालिया, मांदोलाई, दत्तोब, कुहाड़ा, उनियाराखुर्द एवं संवारिया में ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से विशेष रूप से आगामी दो-तीन दिन में खाद्य सुरक्षा योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जुड़वाने आह्वान किया।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की भावना से क्षेत्र का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गांवों के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। पेयजल, सड़क निर्माण, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वच्छता को लेकर विगत 10 साल में क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि टोडारायसिंह के 25 गांवों की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए 275 करोड़ रुपए की पेयजल परियोजना प्रक्रियाधीन है। इसके तहत पेयजल टंकियों का निर्माण, डीआई पाइपलाइन, पेयजल वितरण एवं घर-घर नल कनेक्शन दिया जाएगा। जिससे लोगों को पेयजल समस्या से निजात मिल सकेगी। खाद्य सुरक्षा योजना एवं पीएम आवास योजना से जुड़े ग्राम स्तरीय अधिकारियों व कार्मिकों को घर-घर जाकर लोगों का सर्वे करने एवं कोई भी पात्र व्यक्ति नहीं छूटे, इसकी सुनिश्चितता करने के लिए निर्देशित किया।

जलदाय मंत्री चौधरी ने कहा कि मैं आज आपके बीच में आया हूं, अपनी समस्याएं एवं ग्राम में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर बताएं। उन्हें क्रमबद्ध रूप से कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों से भी कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करें। भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्वच्छता पर जोर देते हुए जलदाय मंत्री ने कहा कि अगले एक साल में उपखंड टोडारायसिंह में जो पंचायत स्वच्छता के सभी मापदंडों को पूरा करेगी, उसे विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत दतोब में घर-घर कचरा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश –

जलदाय मंत्री के विभिन्न ग्राम पंचातयों में जनसुनवाई के दौरान ग्रामवासियों ने गांव के विकास को लेकर सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, हैंडपंप एवं ट्यूबवेल लगाने, विद्यालय में कक्षा-कक्षों के निर्माण, शिक्षकों के पदों को भरने, जर्जर भवन को नकारा घोषित कर लाईब्रेरी बनवाने, पेयजल समस्या को दूर करने के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही, कहा कि लिखित में संबंधित परिवादी को जवाब दिया जाए।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित –

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान चौधरी ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पीएम आवास, पेंशन, माँ वाउचर, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, खाद्य सुरक्षा, पालनहार, लखपति दीदी, पीएम विश्वकर्मा, आयुष्मान कार्ड, पीएम एवं सीएम किसान सम्मान निधि, पीएम मातृ वंदना योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने ग्राम पंचायत के सचिव, पटवारी, पशुचिकित्सक, पशुधन सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्राम साथिन एवं राशन डीलर समेत अन्य कार्मिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगो को अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.