Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जयपुर में 14 फरवरी को होंगे पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव

29 जनवरी को जारी होगी अधिसूचना

जयपुर, (28 जनवरी 2025)। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 14 फरवरी 2025 को जयपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं में विभिन्न कारणों से रिक्त हुए (जिन पदों का 05 वर्षीय कार्यकाल जनवरी, 2025 एवं मार्च 2025 में पूर्ण हो रहा है उनके अतिरिक्त) पदों पर उपचुनाव होंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 29 जनवरी, 2025 को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लोक सूचना जारी की जाएगी। 3 फरवरी 2025 तक (रविवार, 2 फरवरी 2025 के अतिरिक्त) प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किये जाएंगें। 5 फरवरी को सुबह 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तो वहीं, 6 फरवरी को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। शुक्रवार, 14 फरवरी, 2025 को सुबह 8 बजे से सांय 5 बजे तक मतदान होगा। शनिवार 15 फरवरी, 2025 को प्रातः 9 बजे से जिला मुख्यालय पर जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति मुख्यालय पर पंचायत समिति सदस्य के पद हेतु मतगणना होगी।

सांभरलेक पंचायत समिति सदस्य संख्याक 13, कोटखावदा पंचायत समिति की बल्लुपुरा पंचायत, तूंगा पंचायत समिति कीे पालावाला जाटान पंचायत एवं चाकसू पंचायत समिति की थली पंचायत के सरपंच के लिए उप चुनाव होगा। सांभर लेक पंचायत समिति की जयसिंहपुरा पंचायत, कोटखावदा पंचायत समिति की बल्लूपुरा पंचायत एवं तूंगा पंचायत समिति की पालावाला जाटान पंचायत के उपसरपंच के लिए उपचुनाव होगा।

उन्होंने बताया कि भैसवा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 10, विजयपुरा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 15, नटाटा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 2, काशीपुरा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 5, हरसूलिया पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 6, हबसपुरा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 2, जयसिंहपुरा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 10, बल्लुपुरा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 1,2,3 एवं 4 में उपचुनाव होगा।

वहीं तुंगा पंचायत समिति के पालावाला जाटान पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 1,2,3,4,5,6 एवं 7 के साथ साथ किशनपुरा पंचायत के पंच वार्ड संख्याक 5,6 और 7 के लिए उपचुनाव होगा।

उन्होंने बताया कि सरपंच एवं पंच के लिए 29 जनवरी, 2025 को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लोक सूचना जारी की जाएगी। 5 फरवरी 2025 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किये जाएंगें। 6 फरवरी को सुबह 10 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तो वहीं, 6 फरवरी को ही अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।

6 फरवरी को नाम वापसी के निर्धारित समय के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतिकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। शुक्रवार, 14 फरवरी, 2025 को सुबह 8 बजे से सांय 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना होगी।

उपसरपंच के चुनाव के लिए 15 फरवरी 2025 को समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए मतदान होगा और मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना होगी। उप चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.