Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

देवनानी की पहल पर राजकीय विद्यालयों के युवाओं की विधान सभा में होगी युवा संसद

शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्‍येक जिले से दो छात्र और दो छात्राओं का युवा संसद के लिए किया गया है चयन

जयपुर, (12 दिसम्‍बर 2025)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष  वासुदेव देवनानी की पहल पर विधान सभा के सदन में सोमवार 15 दिसम्‍बर को प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 में अध्‍ययनरत छात्र-छात्राएं युवाओं के भविष्‍य और निर्णय से संबंधित विषयों पर मंथन करेंगे। राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की युवा संसद विधान सभा में पहली बार हो रही है। इस युवा संसद में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं का चयन शिक्षा विभाग द्वारा किया गया है। राज्‍य के प्रत्‍येक जिले से राजकीय विद्यालयों के युवा इस युवा संसद में भाग लेंगे।

स्‍पीकर  देवनानी युवा संसद का करेंगे शुभारम्‍भ- 

युवा संसद का शुभारम्‍भ सोमवार 15 दिसम्‍बर को प्रात: 11 बजे विधान सभा अध्‍यक्ष  वासुदेव देवनानी दीप प्रज्‍ज्‍वलित करके करेंगे। समारोह में शिक्षा मंत्री  मदन दिलावर और राष्‍ट्रमण्‍डल संसदीय संघ की राजस्‍थान शाखा के सचिव श्री संदीप शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

378 ब्‍लॉकों पर युवाओं के चयन के लिए हुए कार्यक्रम – 

ब्‍लॉक स्‍तरीय प्रबल कार्यक्रम का आयोजन सभी 378 ब्‍लॉकों में माह अगस्‍त सितम्‍बर में किया गया। ब्‍लॉक स्‍तर से एक-एक छात्र और छात्रा का चयन जिला स्‍तर के कार्यक्रम के लिए किया गया। प्रत्‍येक जिले से दो छात्र और दो छात्राओं का चयन राज्‍य स्‍तरीय कार्यक्रम के लिए किया गया है। विद्यार्थियों के जीवन कौशल, वित्तीय साक्षरता, जल वायु परिवर्तन, नागरिकता, नैतिक मूल्‍य और टीम वर्क को छात्र-छात्राओं के चयन का आधार बनाया गया है। शिक्षा विभाग के प्रबल कार्यक्रम के तहत ब्‍लॉक स्‍तरीय कार्यक्रम में विद्यालय स्‍तर से एक – एक छात्र और छात्रा ने भाग लिया।

41 जिलों से 164 छात्र-छात्राएं युवा संसद में होंगे शामिल – 

विधान सभा के सदन में सोमवार को हो रही युवा संसद में प्रदेश के सभी 41 जिलों के छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्‍व होगा। युवा संसद में राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक अध्‍ययनरत 41 जिलों से 164 छात्र और छात्राएं भाग लेंगे। युवा संसद के लिए युवाओं का चयन 21वीं सदी के कौशलों के विकास एवं सश‍क्‍तीकरण हेतु आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के लिए संचालित प्रबल कार्यक्रम के तहत किया गया है।

तीन विषयों पर युवा संसद में युवा करेंगे चर्चा –

युवा संसद में प्रदेश के राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विधान सभा के सदन में बैठकर सोमवार 15 दिसम्‍बर को प्रात: 11:30 से दोपहर 01:30 बजे तक हमारा भविष्‍य हमारा निर्णय, किशोर-किशोरियों के सशक्‍त भविष्‍य के लिए सुदृढ मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य और उचित करियर मार्ग दर्शन की आवश्‍यकता विषयों पर मंथन करेंगे।

राजस्‍थान विधान सभा के यूटयूब चैनल पर इस युवा संसद का सजीव प्रसारण किया जायेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.