Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

सड़क दुर्घटना रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर काम करें अधिकारी

जयपुर कलक्टर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जिला यातायात प्रबंधन समिति की बैठक

जयपुर, (29 अगस्त 2025)। जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में जिला यातायात प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन हुआ। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लागाने के लिए रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करने के साथ-साथ जयपुर में ट्रेफिक जाम को लेकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये हैं।

बैठक में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को राजमार्गों पर मिडियन कट्स को बंद करने एवं फ्लाइओवर का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने दुर्घटना के संभावित स्थानों पर व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये पुराने साइनेज को हटाकर नये साइनेज लगाने के निर्देश दिये।

जिला कलक्टर ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अधिकारियों को सख्त कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जयपुर जिले के शहरी, ग्रामीण क्षेत्र के राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर भारत सरकार के नये नोटिफिकेशन के अनुसार स्पीड लिमिट के साइनेज बोर्ड लगाने, राजमार्गों के प्रोटोकॉल के अनुसार चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के निवारण करने एवं जिले में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और राजमार्गों पर अनाधिकृत पार्किंग सहित रिफलेक्टिव टेप इत्यादि के उल्लघनों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही जयपुर विकास प्राधिकरण और राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम के अधिकारियों को पिछली बैठक के बिन्दुओं की अनुपालना रिपोर्ट पेश करने के लिए निर्देशित किया गया है।

बैठक में ज्वलनशील पदार्थों को ले जाने वाले वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग करने, रूट उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने, टोल नाके पर शराब या नशा कर के चलाने वाले वाहन चालकों को पकड़ने तथा बेसहारा पशुओं को रेडियम पट्टी लगाने सहित सड़क सुरक्षा के तमाम उपाय करने आदि पर भी चर्चा की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संतोष कुमार मीणा, पुलिस विभाग, यातायात पुलिस, सहित जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, सार्वजनिक निमार्ण विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.