Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

महिला शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व का सशक्त मंच साबित हो रही नारी चौपाल

नारी चौपाल में हजारों महिलाओं ने दिखाई सहभागिता और नेतृत्व की शक्ति - जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर हो रहा आयोजन

जयपुर,( 28 जनवरी 2026)। जयपुर जिले में महिला सशक्तिकरण को व्यावहारिक धरातल पर साकार करने की दिशा में सक्षम जयपुर अभियान के अंतर्गत नारी चौपाल कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप तथा जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के तहत उपखण्ड स्तर पर इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को चाकसू उपखंड में नारी चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि महिलाएँ अब संवाद, निर्णय और नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण की प्रस्तुतियाँ दी गईं। “हम होंगे कामयाब” और “मेरा काम—मेरा सम्मान” जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं ने स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का संदेश प्रस्तुत किया। विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियाँ हासिल करने वाली महिलाओं द्वारा अनुभव साझा किए जाने से उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

चाकसू उपखण्ड अधिकारी  निधि मीणा की उपस्थिति में आयोजित इस नारी चौपाल में महिलाओं ने अपने आत्मविश्वास, कौशल और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही मौके पर लगाए गए सहायता काउंटरों के माध्यम से योजनाओं से जुड़ा मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं ने सक्षम जयपुर अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए तथा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ की शपथ ली। नोडल अधिकारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मृणाल कुमार द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

डॉ. डोगीवाल ने बताया कि नारी चौपाल का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जा रहा है, जिससे नीति एवं क्रियान्वयन में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में नारी चौपाल कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे। नारी चौपाल महिलाओं के लिए केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की सशक्त पहल बनकर उभर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.