Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

झालाना लैपर्ड रिजर्व प्रकरण : जांच पूर्ण, दोषियों पर कार्रवाई एवं सख्त व्यवस्थाएं लागू

जयपुर, (21 फरवरी 2026)। हाल ही में एक समाचार चैनल द्वारा झालाना लैपर्ड रिजर्व में कथित अवैध लैपर्ड सफारी संचालित किए जाने संबंधी प्रसारित समाचार के संदर्भ में वन विभाग द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच कराई गई।

अति. प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) द्वारा वन विभाग, राजस्थान के अंतर्गत वन संरक्षक (वन्यजीव), जयपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि संबंधित घटना 16 दिसम्बर 2025 की है। उक्त दिवस प्रवेश द्वार पर तैनात कार्मिक विभागीय प्रशिक्षण के कारण अनुपस्थित थे, जिसके परिणामस्वरूप प्रातःकालीन पारी में प्रवेश व्यवस्था में शिथिलता उत्पन्न हुई।

तत्काल प्रभाव से की गई कार्रवाई—

प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा निम्न कठोर कदम उठाए गए हैं—

• संबंधित वाहन चालक का पंजीकरण निरस्त कर उसे झालाना-आमागढ़ लैपर्ड सफारी से प्रतिबंधित किया गया है।

• संबंधित नाका प्रभारी का कार्यस्थल परिवर्तन किया गया है।

• पार्किंग व्यवस्था में संलग्न व्यक्ति को सेवा से पृथक किया गया है।

• क्षेत्रीय वन अधिकारी, झालाना से उस दिवस प्रवेश द्वार पर कार्मिक तैनात नहीं किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

भविष्य हेतु सुदृढ़ व्यवस्थाएं—

वन विभाग द्वारा प्रवेश एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए निम्न निर्देश जारी किए गए हैं—

• बिना वैध पहचान पत्र किसी भी पर्यटक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

• टिकट में दर्ज पर्यटक के अतिरिक्त अन्य व्यक्ति को सम्मिलित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

• कार्मिकों की अनुपस्थिति की स्थिति में लिंक अधिकारी की अनिवार्य नियुक्ति सुनिश्चित की गई है।

• प्रवेश व्यवस्था की निगरानी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है।

वन्यजीव सरंक्षण और पर्यटन गतिविधियों मे पारदर्शिता सर्वोच प्राथमिकता—

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यटन गतिविधियों में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति विभाग शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.