Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

वर्षा जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार एवं जैविक उर्वरक प्रोत्साहन हेतु राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल

जयपुर, (03 दिसम्बर 2025)। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में अनियमित एवं अनिश्चित वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण एवं उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि क्षेत्र में व्यापक कदम उठाए गए हैं। कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने बताया कि राज्य सरकार ने 25 हज़ार फार्म पॉण्ड, 10 हज़ार डिग्गी एवं “गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना” के तहत 50 हज़ार स्थायी वर्मीकम्पोस्ट इकाइयों के निर्माण की घोषणा की है। इन प्रयासों का उद्देश्य सिंचित क्षेत्र में वृद्धि, फसलों की जीवन रक्षक सिंचाई की उपलब्धता तथा फसल उत्पादन एवं कृषकों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य में लघु एवं सीमान्त कृषकों को बैलों से खेती करने पर प्रोत्साहन राशि दिए जाने तथा किसानों को राज्य के बाहर भ्रमण व प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करने की घोषणा भी की गई है। नीलगाय, जंगली जानवरों एवं निराश्रित पशुओं से फसलों को बचाने हेतु 75 हज़ार कृषकों के खेतों पर लगभग 30 हज़ार किलोमीटर परिधि में तारबंदी करवाने की भी घोषणा की गई है।
उक्त सभी बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य सरकार द्वारा कृषि विभाग को ₹250 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है। यह राशि प्रदेश के कृषकों को अनुदान के रूप में प्रदान की जाएगी तथा शीघ्र ही डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
राज्य सरकार का यह प्रयास किसानों को सशक्त बनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा जल संरक्षण के माध्यम से सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.