Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
जयपुर, (8 जून 2026)। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत ने कहा कि विभिन्न विभागों के डाटाबेस को नेटग्रिड (NATGRID) से जोड़ने की प्रक्रिया राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सूचना साझाकरण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित विभागों को नेटग्रिड एकीकरण से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यशाला में केंद्र सरकार गृह मंत्रालय के नेटग्रिड के संयुक्त सचिव श्री सत्यनारायण गुप्ता, नेटग्रिड के निदेशक राघव गुप्ता, राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के आयुक्त श्री हिमांशु गुप्ता तथा गृह विभाग की संयुक्त शासन सचिव, डॉ. मन्जू विजय उपस्थित रहे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत सोमवार को शासन सचिवालय में नेटग्रिड के संबंध में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यशाला के दौरान विभागीय डाटाबेस को नेटग्रिड से जोड़ने की प्रक्रिया, आवश्यक स्वीकृतियां, एपीआई (API) विकास, विभागीय डाटाबेस का विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विभागों के तकनीकी प्रतिनिधियों को एकीकरण प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियागत पहलुओं की जानकारी साझा कर आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रथम चरण में चयनित उद्योग, खान, स्वायत्त शासन एवं ऊर्जा विभागों के डाटाबेस को नेटग्रिड से जोड़ने के लिए आवश्यक तैयारियों, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा समन्वय संबंधी विषयों पर निर्देश दिए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न विभागों, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के समन्वित प्रयासों से डाटाबेस एकीकरण की प्रक्रिया को गति मिलेगी। उन्होंने विभागों से आवश्यक सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने तथा एकीकरण से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नेटग्रिड के संयुक्त सचिव सत्यनारायण गुप्ता ने नेटग्रिड की अवधारणा, उद्देश्यों एवं विभागीय डाटाबेस एकीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि राज्यों एवं विभागों के सक्रिय सहयोग से यह व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सकेगी।
उल्लेखनीय है कि नेटग्रिड (NATGRID) भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मामलों में विभिन्न अधिकृत एजेंसियों के बीच सूचना साझाकरण को सुदृढ़ बनाना है। यह मंच विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के डाटाबेस के समन्वित उपयोग के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं की सुरक्षित एवं त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायक है।
कार्यशाला में गृह विभाग, राजस्थान पुलिस, परिवहन विभाग, खान एवं भू-विज्ञान विभाग, उद्योग विभाग, स्थानीय स्वशासन विभाग, ऊर्जा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।