Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (6 अगस्त 2023)। राज्य सरकार प्रदेश में सिंचाई तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने धौलपुर लिफ्ट परियोजना के लिए 177.04 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
गहलोत के इस निर्णय से धौलपुर कम्यूनिटी लिफ्ट इरिगेशन स्कीम के अंतर्गत धौलपुर, राजाखेड़ा एवं सेपऊ के 28,800 हेक्टेयर नहरी क्षेत्र को सूक्ष्म सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे लगभग 15 हजार किसान लाभान्वित होंगे।
इस परियोजना से धौलपुर जिले में जलस्तर में वृद्धि होगी। किसानों को सिंचाई के लिए लम्बे समय तक पर्याप्त जल मिलेगा। इससे वर्षभर खेती कर सकेंगे और उनकी आय भी बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की गई थी।
कुकड़ीपाड़ा टैक में सोलर आधारित सिंचाई परियोजना
बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत दरोबड़िया के कुकड़ीपाड़ा टैक में सोलर आधारित सिंचाई परियोजना पर कार्य होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने 6.80 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।