Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (3 फरवरी 2026)। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र शिव में नवीनीकरण की आवश्यकता वाली सड़कों का परीक्षण करवाकर तदनुसार निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये से सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण कराए जाने के तहत शिव विधानसभा क्षेत्र में 17 कार्य प्रस्तावित किये गए थे। इनमें से 7 कार्य पूर्ण हो चुके हैं एवं शेष कार्य प्रगतिरत हैं।
उप मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि सड़कों का नवीनीकरण यातायात घनत्व एवं सड़कों की श्रेणी पर निर्भर करता है। राज्य सड़क नीति 2013 के अन्तर्गत सड़कों के नवीनीकरण की अवधि तय की गई है। इसके तहत हल्के यातायात वाली ग्रामीण सड़क 8 वर्ष तक चल सकती है। इस अवधि के पश्चात् यातायात के दबाव के बिना भी सड़क टूटने लगती है। उन्होंने बताया कि शहरी सड़क के नवीनीकरण के लिए 4 वर्ष, राज्य राजमार्ग के लिए 5 वर्ष, मुख्य जिला सड़कों के लिए 6 वर्ष एवं अन्य जिला सड़कों के लिए 8 वर्ष की अवधि निर्धारित की गई है।
इससे पहले विधायक रविन्द्र सिंह भाटी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उपमुख्यमंत्री ने बाड़मेर जिले में विगत पाँच वर्षों में हुए सड़कों के निर्माण कार्य का फर्मवार विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने कहा कि गारंटी अवधि में सड़कों की मरम्मत वर्ष में दो बार मानसून से पूर्व एवं मानसून के पश्चात्व आवश्यकतानुसार संवेदक द्वारा मरम्मत की जाती है। उन्होंने गारंटी अवधि में मरम्मत की गई सड़कों का विवरण भी सदन के पटल पर रखा।