Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
जयपुर, 23 जनवरी। पंद्रहवीं राज्य विधानसभा के अष्टम सत्र के पहले दिन सोमवार को विधानसभा में पश्चिम बंगाल एवं बिहार के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, राजस्थान विधानसभा सदस्य भंवरलाल शर्मा तथा पूर्व सदस्य राजेन्द्र कुमार भारतीय के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुये श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्माओं की शांति और उनके परिजनों को इस बिछोह को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
प्रारम्भ में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत व्यक्तियों द्वारा राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सेवाओं की सराहना की। डॉ. जोशी ने पश्चिम बंगाल एवं बिहार के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए कहा कि वे छह बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। वे उत्तरप्रदेश सरकार में वित्त मंत्री तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा के तीन बार अध्यक्ष रहे। त्रिपाठी 2014 में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद पर आसीन हुए। इस दौरान इनके पास बिहार के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी रहा। वे मेघालय तथा मिजोरम के राज्यपाल भी रहे। त्रिपाठी का निधन 8 जनवरी 2023 को हुआ।
डॉ. जोशी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश विधानसभा के आठ बार सदस्य तथा सात बार लोकसभा के सदस्य रहे। कुशल प्रशासक रहे यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, केन्द्रीय रक्षा मंत्री तथा विधानसभा एवं लोकसभा की अनेक समितियों के सदस्य एवं सभापति भी रहे। यादव का निधन 10 अक्टूबर, 2022 को हो गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान राज्य विधानसभा के सदस्य भंवरलाल शर्मा आठवीं से बारहवीं, चौदहवीं एवं पन्द्रहवीं विधानसभा में सरदारशहर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। वे विधानसभा के कार्यकाल के दौरान प्राक्कलन समिति, जन लेखा समिति , सरकारी आश्वासनों संबंधी समिति सहित अनेक समितियों के सदस्य रहे। संसदीय प्रकियाओं के गहन जानकार रहे शर्मा सरकारी उप मुख्य सचेतक तथा 1990 से 1992 तक इन्दिरा गांधी नहर परियोजना, सीएडी तथा एकीकृत ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री भी रहे। इनका निधन 9 अक्टूबर 2022 को हो गया।
डॉ. जोशी ने पूर्व विधायक राजेन्द्र कुमार भारतीय के व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए बताया कि वे पांचवी विधानसभा में बूंदी निर्वाचन क्षेत्रों से विधायक निर्वाचित हुए। विधानसभा कार्यकाल के दौरान वे अधीनस्थ विधान संबंधी समिति, जन लेखा समिति ,राजकीय उपक्रम समिति तथा विशेषाधिकार समिति के सदस्य रहे। मजदूर वर्ग के उत्थान के लिए सदैव प्रयत्नशील रहे। भारतीय का निधन 15 अक्टूबर, 2022 को हो गया।
सदन ने जोधपुर जिले के शेरगढ़ क्षेत्र के भुंगरा गांव में 9 दिसंबर 2022 को विवाह समारोह के दौरान गैस सिलेण्डर ब्लास्ट की दुर्घटना में दिवंगत व्यक्तियों की मृत्यु पर भी शोक व्यक्त किया।