Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

खाद्य सुरक्षा पोर्टल में इस साल लगभग 7 लाख लोगों को जोड़ा – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री

जयपुर, (27 फरवरी 2025)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि 26 जनवरी 2025 से खाद्य सुरक्षा पोर्टल खोल दिया गया है तथा इसमें निरंतर नए लाभार्थियों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पोर्टल खुलने के पश्चात् लगभग 7 लाख नए व्यक्तियों को जोड़ा गया है, जिनमें ज्यादातर शादीशुदा महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। पिछले साल 12 लाख 95 हजार लोगों को जोड़ा गया था।
गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा ई-केवाईसी में 10 साल से छोटे बच्चों तथा 70 साल से ज्यादा की उम्र वाले बुजुर्गों को आइरिस स्कैनिंग एवं ई- केवाईसी से छूट दी गई है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि डीडवाना विधानसभा क्षेत्र में कुल राशन कार्डों की संख्या 1 लाख 1 हजार 291 हैं, तथा 4 लाख 7 हजार 367 यूनिट को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बतायाकि पिछले वर्ष योजना में 3 हजार 580 लाभार्थियों को जोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विधानसभा क्षेत्र डीडवाना से 4 हजार 276 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इससे पहले विधायक यूनुस खान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र डीडवाना में 124 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित 500 राशन कार्ड अथवा 2000 यूनिट पर उचित मूल्य दुकान आवंटन के निर्धारित मापदण्डानुसार है। उन्होंने डीडवाना विधान सभा क्षेत्र में उचित मूल्य दुकानवार, पात्र परिवारवार विवरण सदन के पटल पर रखा।
उन्होंने कहा कि 07 अप्रेल 2010 तथा 26 दिसम्बर 2019 के विभागीय निर्देशों द्वारा राष्‍ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अन्‍तर्गत चयनित 500 राशनकार्डों अथवा 2000 यूनिट पर नवीन उचित मूल्‍य दुकान खोले जाने के मापदण्‍ड निर्धारित है। उन्होंने कहा कि नवीन उचित मूल्य की दुकान खोला जाना एक सतत् प्रक्रिया है।
गोदारा ने कहा कि जिला डीडवाना-कुचामन में कुल 4,99,382 राशन कार्ड धारक हैं। खाद्य सुरक्षा योजना में 2,86,644 परिवारों  के 12,14,998 यूनिट को उक्त योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने विधानसभावार विवरण सदन के पटल पर रखा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.