Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग की 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप का समापन मानवाधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता एवं संवेदनशीलता आवश्यक—अध्यक्ष,राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग
जयपुर, (14 अगस्त 206)2। राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा शुक्रवार को शासन सचिवालय में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन किया गया। 27 जुलाई से 14 अगस्त तक आयोजित इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में विधि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अध्ययन के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आयोग के अध्यक्ष जस्टिस जी.आर. मूलचंदानी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानवाधिकार केवल कानूनी अधिकारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान, गरिमा और समानता से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रत्येक व्यक्ति में संवेदनशीलता और जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे मानवाधिकारों की रक्षा का संकल्प लेकर इस दिशा में निरंतर कार्य करने का प्रयास करें।
आयोग के पुलिस महानिरीक्षक ंहिंगलाजदान ने कहा कि वर्तमान समय एआई का दौर है और ज्ञान का विशाल संसार हमारे सामने उपलब्ध है। ऐसे में आवश्यक है कि हम ज्ञान के इस सागर में से अपने लिए प्रासंगिक एवं उपयोगी विषयों का चयन कर सकें। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल जानकारी प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वयं के विवेक एवं प्रज्ञा से यह तय करना भी महत्वपूर्ण है कि हमारे लिए क्या उपयोगी है और किस दिशा में आगे बढ़ना है।
आयोग के रजिस्ट्रार जगदीश प्रसाद शर्मा ने कहा कि अधिकारों की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी संवेदनशील एवं सजग रहना होगा। अधिकारों के प्रति जागरूकता व्यक्ति को सशक्त बनाती है और उसे अपने तथा दूसरों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्षम बनाती है।
कार्यक्रम में इंटर्न्स द्वारा तीन समूहों में मानवाधिकारों से संबंधित विषयों पर अपने अध्ययन, प्रस्तुतीकरण एवं निष्कर्ष साझा किए। इस अवसर पर इंटर्न्स को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा विजेता समूह को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में इंटर्नशिप की समन्वयक एवं आयोग की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संध्या यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर आयोग के सदस्य अशोक कुमार गुप्ता, सचिव जयदेव सी.एस सहित आयोग के अधिकारी उपस्थित रहे।