Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
पंच गौरव योजना की प्रगति की समीक्षा, बजट प्रावधानों के अनुरूप शीघ्र भेजे जाएं प्रस्ताव
मुख्य सचिव ने सभी जिलों में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
जयपुर, (8 जून 2026)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को सचिवालय में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेकर पंच गौरव योजना की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने योजना के अंतर्गत संचालित “एक जिला-एक उत्पाद”, “एक जिला-एक वनस्पति प्रजाति”, “एक जिला-एक खेल”, “एक जिला-एक पर्यटन स्थल” तथा “एक जिला-एक कृषि उपज” के तहत सभी जिलों में हो रहे कार्यों के लक्ष्य, बजट, प्रगति, निगरानी प्रक्रिया की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने योजना के लिए विभिन्न जिलों को आवंटित बजट तथा अब तक हुए व्यय की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में स्वीकृत बजटीय प्रावधानों के अनुसार प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर राज्य स्तरीय समिति को अनुमोदन हेतु भेजे ताकि समयबद्ध रूप से स्वीकृतियां जारी कर कार्यों को गति दी जा सके। उन्होंने कहा कि पंच गौरव योजना राज्य की विशिष्ट पहचान, स्थानीय संसाधनों के संवर्धन तथा रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में आयोजना सचिव रवि कुमार सुरपुर ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान “एक जिला-एक कृषि उपज” योजना के अंतर्गत 50 हजार से अधिक किसानों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। वहीं “एक जिला-एक वनस्पति प्रजाति” योजना के तहत 85 लाख पौधों का वितरण किया गया है। “एक जिला-एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं सेमिनारों में 17 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की है।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि “एक जिला-एक खेल” योजना के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में 25 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया है। इसके अतिरिक्त “एक जिला-एक पर्यटन स्थल” योजना के तहत चयनित पर्यटन स्थलों पर 150 से अधिक मेले, उत्सव, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के माध्यम से योजना के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। बैठक में श्री प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव, खेल विभाग, रवि कुमार सुरपुर, सचिव, आयोजना विभाग सहित वित्त, पर्यटन, कृषि, उद्योग एवं वन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।