Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मुख्यमंत्री का जालोर दौरा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंसेरी गांव में सुबह की सैर कर ग्रामीणों से बातचीत की

मुख्यमंत्री ने सुन्धा माता मंदिर में पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की

जयपुर, (14 मई 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जालोर के पंसेरी गांव में सुबह की सैर कर ग्रामीणों से रामा श्यामा की। वहीं, कृषि एवं पशुपालन को लेकर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने स्कूल जा रहे छोटे बच्चों से संवाद कर उन्हें चॉकलेट और टॉफी दी तथा अच्छी शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने गांव के मंदिरों में दर्शन भी किए। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह साफा पहनाकर अभिनंदन किया।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने पंसेरी गांव की चौहटा (गांव की चौपाल का मुख्य केंद्र) पर ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर जिला कलक्टर को सुन्धामाता मंदिर से मालवाड़ा तक एवं पंसेरी गांव से नीलकंठ महादेव तक सड़क उन्नयन की कार्ययोजना बनाने, पंसेरी गांव में खेल स्टेडियम की जमीन का चिन्हीकरण करने, स्थानीय क्षेत्र की जल आवश्यकता की पूर्ति के लिए एनीकट निर्माण की व्यवहार्यता रिपोर्ट बनाने, मालवाड़ा में सब्जी मंडी निर्माण की कार्ययोजना बनाने, नवीन ट्रांसफार्मर लगाने एवं पंसेरी में पशु चिकित्सालय के लिए जमीन आवंटन के कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जालोर जिले के लिए बजट में की गई घोषणाओं के तीव्र क्रियान्वयन के संबंध में भी विशेष दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुन्धा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के. के. विश्नोई, विधायक छगन सिंह राजपुरोहित सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.