Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
गौसेवा दिवस के रूप में मनाया गया पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस
प्रदेश के गौशालाओं में किए गए पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर आयोजित
जयपुर, (07 मई 2026)। पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस गौसेवा दिवस और सेवा के संकल्प के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी पंजीकृत और अपंजीकृत गौशालाओं में पशुधन केे स्वास्थ्य संरक्षण और दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरूवार को एक दिवसीय पशु चिकित्सा और बांझपन निवारण शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सकों ने गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार करने के साथ-साथ औषधियों का वितरण किया। शिविरों में बांझपन से प्रभावित गौवंशों की जांच कर उन्हें उपचार और कृत्रिम गर्भाधान संबंधी सेवाएं तथा उचित परामर्श भी उपलब्ध करवाया गया।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ सुरेशचंद मीना ने बताया कि गुरूवार को पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के जन्मदिवस के अवसर पर विभाग द्वारा सभी गौशालाओं में शिविरों के आयोजन का निर्णय लिया गया। पशुपालन मंत्री के सक्षम नेतृत्व में पशु कल्याण के लिए विभाग ने कई नवाचार किए हैं। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, मोबाइल वेटरिनरी यूनिट का संचालन, सेक्स सॉर्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान जैसे कार्यक्रमों से पशुपालकों को बहुत लाभ मिल रहा है।
मीना ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य गौशालाओं में आश्रय प्राप्त गौवंश को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में पशुओं में होने वाले खुरपका मुंहपका, लंपी तथा अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए टीकाकरण एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। शिविरों में पशुपालकों को पशुओं के संतुलित आहार, स्वच्छता प्रबंधन आदि विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। श्री मीना ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे जिससे पशुधन विकास और गौसंवर्द्धन को बढ़ावा मिल सके।
शिविर में बड़ी संख्या में गौशाला संचालकों, पशुपालकों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए पशुपालन एवं गौसंवर्द्धन के क्षेत्र में किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की गई।