Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

रीको की पहल से महिंद्रा वर्ल्ड सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक समस्या होगी दूर

जयपुर, (07 मई 2026)। राज्य सरकार की मंशा केवल निवेश को आकर्षित कर उद्योग स्थापित करना ही नहीं, बल्कि उद्यमियों को औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतरीन कनेक्टिविटी सहित सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। रीको राज्य सरकार के अन्य विभागों के साथ बेहतरीन सामंजस्य स्थापित कर इसी दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में, महिंद्रा वर्ल्ड सिटी एवं आसपास के क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक को कम करने के लिये रीको ने निर्णय लिया है कि अजमेर रोड से महिंद्रा सेज को जोड़ने वाली 200 फीट चौड़ी एवं लगभग 4 किलोमीटर लंबी अप्रोच रोड का विकास एवं चौड़ीकरण कर इसे आधुनिक 8 लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा।

हाल ही हुई महत्वपूर्ण बैठक में रीको एवं जेडीए के मध्य इस अप्रोच रोड के विकास को लेकर सहमति बनी है। करीब 18.50 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में रीको और जेडीए 50-50 प्रतिशत खर्च वहन करेंगे। रीको द्वारा कुल खर्च में से लगभग 9.25 करोड़ रुपये दिये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर निर्माण, पौधारोपण, फेंसिंग, स्ट्रीट लाइटिंग एवं अन्य विद्युत कार्य भी कराये जाएंगे। सड़क का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज हो सकेगा।

गौरतलब है कि महिंद्रा वर्ल्ड सिटी लिमिटेड (जयपुर), रीको एवं महिंद्रा एंड महिंद्रा का संयुक्त उपक्रम है, जहां विशेष आर्थिक क्षेत्र (Special Economic Zone), घरेलू उत्पाद क्षेत्र एवं सामाजिक आधारभूत संरचना क्षेत्र विकसित हैं। इसमें रीको की 26 फीसदी भागीदारी है। महिंद्रा वर्ल्ड सिटी लिमिटेड (जयपुर) में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जिनमें करीब 75,000 लोग प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से कार्यरत हैं। साथ ही इस क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे आवासीय प्रोजेक्ट्स के कारण बड़ी संख्या में लोग रह रहे हैं।

इस विकास कार्य से इस क्षेत्र के उद्योगों, कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों को बड़ा लाभ मिलेगा। यातायात दबाव कम होने के साथ लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.