Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जनगणना के प्रथम चरण में 1 मई से 14 जून तक होगा मकान सूचीकरण का कार्य
झुंझुनू जिला कलेक्टर की अपील: आगामी जनगणना के लिए 'सेल्फ-एन्युमरेशन' पोर्टल का लाभ उठाएं
झुंझुनूं, (29 अप्रैल 2026)। राज्य में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 1 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जायेगा। इससे पूर्व 1 मई से 15 मई तक स्वगणना चरण संचालित किया जायेगा, जिसके अंतर्गत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग ने आमजन से इस कार्य में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया है।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जनगणना राष्ट्र की एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक से संबंधित सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है। इन आंकड़ों के आधार पर केन्द्र एवं राज्य सरकारें विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करती हैं।
स्व-गणना (सेल्फ-एन्युमरेशन) की सुविधा* : जनगणना के पहले चरण के रूप में, 1 मई से 15 मई तक नागरिकों के लिए ‘सेल्फ-एन्युमरेशन’ (स्व-गणना) की व्यवस्था की गई है। जिसके तहत आम नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर एक सरल फॉर्म भर सकते हैं। वेबसाइट पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में ट्यूटोरियल उपलब्ध हैं, जो प्रक्रिया को समझने में मदद करेंगे। इस बार नागरिक गूगल लोकेशन के माध्यम से अपने घर को ट्रैक और मार्क कर सकते हैं, जिससे डेटा की सटीकता बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि 15 मई के बाद, अधिकृत प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। कलेक्टर ने सभी से अनुरोध किया है कि वे प्रगणकों का पहचान पत्र देख कर उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करें और सही जानकारी साझा करें। जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी पूर्णतः सुरक्षित एवं गोपनीय रखी जायेगी।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि 2021 में कोविड-19 महामारी के कारण जनगणना में देरी हुई थी, इसलिए अब इसे सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करना हम सभी का नैतिक और कानूनी दायित्व है।
|| “बेहतर योजना के लिए सटीक डेटा की आवश्यकता होती है। झुंझुनू के सभी निवासियों से मेरा आग्रह है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में भाग लें और देश के भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।” ||