Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राष्ट्रीय आयुष मिशन में राजस्थान अग्रणी, योग दिवस आयोजन में प्रदेश देश में प्रथम

जयपुर, (02 अप्रैल 2026)। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने गुरुवार को बैठक लेकर आयुष विभाग (आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्धा एवं होम्योपैथी) की योजनाओं और प्रगति की समीक्षा की। सचिवालय में हुई बैठक में विभाग की योजनाओं, राष्ट्रीय आयुष मिशन, बजट घोषणाओं और संकल्प पत्र के क्रियान्वयन तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस— 2025 में राजस्थान ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर 85 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने योग संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर योग किया। इसके साथ ही ‘प्रकृति परीक्षण अभियान’ में भी राज्य ने देश में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

बजट घोषणाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अजमेर में आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विश्वविद्यालय की स्थापना को कैबिनेट से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत 1 अप्रैल, 2025 से आयुष के 20 पैकेज जोड़े गए हैं। इसके तहत अब तक 84 आयुर्वेद चिकित्सालयों को पैनल में शामिल किए गया हैं।

उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन स्थलों पर पीपीपी मोड पर आयुष वेलनेस केंद्र स्थापित कर प्रदेश को आयुष वेलनेस हब के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। ‘डिजिटल आयुष मिशन’ के तहत ई-औषधि पोर्टल सहित सभी सेवाओं का पूर्ण डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए।

उपमुख्यमंत्री ने सभी स्वीकृत एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि राजस्थान आयुष सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना रहे।

विभाग के प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार ने बताया कि प्रदेश में आयुष चिकित्सा सेवाओं के प्रति आमजन का रुझान लगातार बढ़ रहा है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत राज्य ने वित्तीय प्रबंधन में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। आईएचएमएस पोर्टल के माध्यम से डिजिटल आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.